अमेरिकी राजनीति में इन दिनों एक नया विवाद चर्चा में है। मामला न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी और उनकी पत्नी की सोशल मीडिया गतिविधियों से जुड़ा हुआ है। Jewish Insider की एक रिपोर्ट में सामने आया है कि उनकी पत्नी रमा दुवाजी ने इंस्टाग्राम पर कई ऐसे पोस्ट लाइक किए थे जिनमें 7 अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा इजरायल पर किए गए ‘हमले का जश्न’ मनाया गया था।
Jewish Insider की रिपोर्ट के मुताबिक, दु्वाजी ने जिस पहले पोस्ट को लाइक किया था वह हमले वाले दिन साझा किया गया था। यह पोस्ट ‘The Slow Factory’ नाम के एक संगठन के इंस्टाग्राम अकाउंट से डाली गई थी। पोस्ट में हमले के दौरान की लाइवस्ट्रीम से ली गई तस्वीरें थीं।
7 अक्टूबर का यह हमला हाल के वर्षों की सबसे बड़ी हिंसक घटनाओं में से एक माना जाता है। इस हमले में लगभग 1200 इजरायली और विदेशी नागरिक मारे गए थे। हजारों लोग घायल हुए और 251 लोगों को बंधक बना लिया गया था। इसके अलावा यौन हिंसा की कई घटनाओं की भी रिपोर्ट सामने आई थी।
एक तस्वीर में वह बुलडोज़ृर दिखाई दे रहा था जिसका इस्तेमाल आतंकियों ने गाजा पट्टी और इजरायल के बीच बने बैरियर तोड़ने के लिए किया था। दूसरी तस्वीर में हमलावर एक कब्जे में ली गई इजरायली सैन्य गाड़ी पर सवार दिखाई दे रहे थे। पोस्ट के कैप्शन में कहा गया था कि यदि कब्जा करने वाली ताकतें जवाबी कार्रवाई करती हैं तो गाजा के लोगों को केवल इसलिए सजा दी जाएगी क्योंकि वे आजादी चाहते हैं।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि दु्वाजी ने 8 अक्टूबर 2023 को The People’s Forum द्वारा साझा किए गए कुछ पोस्ट भी लाइक किए थे। इन पोस्टों में टाइम्स स्क्वायर में आयोजित प्रदर्शनों की तस्वीरें थीं। इन पोस्टों में ‘नदी से समुद्र तक’ जैसे नारे भी शामिल थे। इसे लोग जॉर्डन नदी से लेकर भूमध्य सागर तक के पूरे क्षेत्र से इजरायल के अंत की माँग के रूप में देखते हैं।
दु्वाजी एक सीरियाई मूल की अमेरिकी कलाकार हैं। उनकी मुलाकात ममदानी से 2021 में एक डेटिंग ऐप के माध्यम से हुई थी और दोनों ने 2025 की शुरुआत में विवाह किया। दु्वाजी अपने निजी इंस्टाग्राम अकाउंट पर अक्सर राजनीतिक विषयों से जुड़े चित्र और इलस्ट्रेशन साझा करती रही हैं। हालाँकि, ममदानी ने हमास के हमले को युद्ध अपराध बताया था लेकिन साथ ही साथ उन्होंने इजरायली सैन्य कार्रवाई की भी आलोचना की थी।

