सिंगापुर में सिंगर ज़ुबीन गर्ग की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। ज़ुबीन के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और ‘नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल’ (NEIF) के मुख्य आयोजक श्यामकानु महंत को असम SIT ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को गुवाहाटी लाया गया है, जहाँ पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, श्यामकानु महंत को सिंगापुर से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही पकड़ा गया। वहीं, सिद्धार्थ शर्मा को गुरुग्राम (दिल्ली के पास) के एक अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया गया।
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि दोनों के खिलाफ इंटरपोल (अंतर्राष्ट्रीय पुलिस संगठन) के जरिए ‘लुकआउट नोटिस’ (गिरफ्तारी या पूछताछ के लिए निगरानी नोटिस) जारी किया गया था। उन्हें 6 अक्टूबर 2025 तक CID के सामने पेश होने के लिए कहा गया था।
#WATCH | Assam | Zubeen Garg death case | Shyamkanu Mahanta and Siddharth Sharma were arrested by Assam police in Singapore and have been brought to Guwahati.
— ANI (@ANI) October 1, 2025
Shyamkanu Mahanta was the main organiser of the North East India Festival in Singapore, who took singer Zubeen Garg to… pic.twitter.com/Mvt37elAuz
जाँच के लिए SIT का गठन
सिंगापुर में 19 सितंबर 2025 को ज़ुबीन गर्ग की मौत के बाद, असम सरकार ने इस मामले की जाँच के लिए एक विशेष जाँच टीम (SIT) बनाई थी। यह टीम 10 सदस्यों की है और इसकी अगुवाई विशेष पुलिस महानिदेशक एमपी गुप्ता कर रहे हैं।
SIT ने इस मामले में पहले भी कई लोगों से पूछताछ की है। इनमें ज़ुबीन के ड्रमर शेखर ज्योति गोस्वामी, उनके भाई और पुलिस अधिकारी संदीपन गर्ग, अभिनेत्री निशिता गोस्वामी, अमृतप्रभा और एक स्थानीय टीवी चैनल के मालिक संजीव नारायण शामिल हैं। ये सभी लोग ज़ुबीन की मौत के समय सिंगापुर में मौजूद थे।
अब पुलिस की टीम दोनों आरोपितों मैनेजर और कार्यक्रम आयोजक से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जुबीन गर्ग की मौत में उनकी क्या भूमिका थी और क्या यह कोई साजिश या लापरवाही का मामला है। SIT जल्द ही मामले में और खुलासे कर सकती है।

