बीते कुछ समय से देश की राजनीति में एक अजीब सा डर का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। कॉन्ग्रेस पार्टी और विशेषकर राहुल गाँधी लगातार जनता के बीच जाकर यह नैरेटिव सेट करने में जुटे हैं कि देश में ‘इमरजेंसी’ (आपातकाल) आने वाली है, लोकतंत्र खतरे में है और संविधान को कुचला जा रहा है।
राहुल गाँधी सार्वजनिक मंचों से, प्रेस कॉन्फ्रेंस में और अपनी रैलियों में बार-बार देश की जनता को यह कहकर डरा रहे हैं कि भारत एक बार फिर 1975 के काले दौर की तरफ बढ़ रहा है। लेकिन यहाँ सबसे बड़ा और गंभीर सवाल यह उठता है कि क्या सचमुच आज के भारत में इमरजेंसी लगाना संभव है? या फिर राहुल गाँधी और उनकी पार्टी सिर्फ एक कोरी अफवाह फैलाकर, देश के भीतर अशांति और अविश्वास का माहौल पैदा करना चाहती है?
जब हम भारतीय संविधान, वर्तमान आर्थिक स्थिति और देश की न्यायपालिका के कड़े नियमों को देखते हैं, तो राहुल गाँधी का यह दावा पूरी तरह से खोखला, अतार्किक और हास्यास्पद नजर आता है। आज के मजबूत और डिजिटल भारत में किसी भी सरकार के लिए मनमाने ढंग से आपातकाल लागू करना नामुमकिन है।
अगर ऐसा हो तो फिर राहुल गाँधी ऐसा क्यों कर रहे हैं? क्या वो देश की जनता को भड़काकर, विदेशी ताकतों के इशारे पर भारत को गृहयुद्ध की तरफ ढकेलने की साजिश रच रहे हैं? क्या अपने राजनीतिक फायदे के लिए देश में अराजकता फैलाना सीधे-सीधे देश के साथ गद्दारी नहीं है? आइए इस पूरे विषय को संवैधानिक प्रक्रिया, इतिहास और वर्तमान वैश्विक और राष्ट्रीय हालातों के चश्मे से विस्तार से समझते हैं।
कितने प्रकार की होती है इमरजेंसी और क्या हैं संवैधानिक रास्ते?
सबसे पहला और बुनियादी सवाल तो यह है कि राहुल गाँधी जिस इमरजेंसी का डर दिखा रहे हैं, वो आखिर कौन सी इमरजेंसी है? हमारे भारतीय संविधान में आपातकाल से जुड़े बेहद स्पष्ट और कड़े प्रावधान दिए गए हैं। अगर हम राज्यों में लगने वाले राष्ट्रपति शासन (स्टेट इमरजेंसी) को थोड़ी देर के लिए अलग रख दें, तो देश के स्तर पर मुख्य रूप से दो अलग-अलग प्रकार की इमरजेंसी का जिक्र संविधान में मिलता है। संविधान निर्माताओं ने इसके लिए बकायदा कानून तय किए हैं, जो इस प्रकार हैं:
आर्थिक आपातकाल (अनुच्छेद 360): संविधान की धारा यानी अनुच्छेद 360 के तहत देश में आर्थिक आपातकाल (Financial Emergency) लगाने का प्रावधान है। यह आपातकाल तब लगाया जाता है जब देश की वित्तीय स्थिरता, साख या आर्थिक ढांचा पूरी तरह से तबाह होने की कगार पर पहुँच जाए।
राष्ट्रीय आपातकाल (अनुच्छेद 352): संविधान का अनुच्छेद 352 राष्ट्रीय आपातकाल (National Emergency) से जुड़ा है। यह आपातकाल बेहद असाधारण और गंभीर परिस्थितियों में ही लगाया जा सकता है। इसके तहत देश की सुरक्षा और संप्रभुता सर्वोपरि होती है।
इन दोनों धाराओं के अलावा राज्यों में संवैधानिक तंत्र विफल होने पर अनुच्छेद 356 के तहत राष्ट्रपति शासन लगाया जाता है, जिसे आम बोलचाल में स्टेट इमरजेंसी कहा जाता है। लेकिन राहुल गाँधी जिस देशव्यापी आपातकाल का हौव्वा खड़ा कर रहे हैं, उसके लिए केवल अनुच्छेद 352 या 360 का ही सहारा लिया जा सकता है।
अब चलिए देखते हैं कि क्या आज इन दोनों में से किसी भी धारा को लागू करने की 1% भी गुंजाइश देश में बची है?
क्या देश में आर्थिक इमरजेंसी संभव है?
आर्थिक आपातकाल यानी अनुच्छेद 360 को लागू करने के लिए देश की वित्तीय स्थिति का पूरी तरह से वेंटिलेटर पर होना जरूरी है। इसका इस्तेमाल तब किया जा सकता है जब देश की तिजोरी (ट्रेजरी) खाली हो जाए, सरकार के पास अपने कर्मचारियों को सैलरी देने के पैसे न बचें, देश में अनाज और भुखमरी का संकट आ जाए, या देश पूरी तरह दिवालिया हो जाए। ऐसी भयावह स्थिति में ही देश की रक्षा और संतुलन बनाए रखने के लिए ट्रेजरी पर बैन लगाया जाता है और राष्ट्रपति आर्थिक आपातकाल की घोषणा कर सकते हैं।
वैसे, फिलहाल भारत के इतिहास को उठाकर देखिए। भारत ने अपने जीवनकाल में बड़े से बड़े आर्थिक संकटों का सामना किया है। साल 1991 का वो दौर याद कीजिए, जब भारत की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो गई थी कि देश को अपना सोना तक विदेशी बैंकों में गिरवी रखना पड़ा था।
खाड़ी युद्ध (Gulf War) की वजह से दुनिया भर में तेल का संकट था, भारत को पेट्रोल-डीजल नहीं मिल पा रहा था, देश में विदेशी मुद्रा का भारी अकाल था और अनाज की किल्लत थी। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने भारत को आसानी से पैसा देने से मना कर दिया था। भारत की खराब से खराब और सबसे दयनीय हालत में भी देश के कर्णधारों ने कभी अनुच्छेद 360 यानी आर्थिक आपातकाल का इस्तेमाल नहीं किया।
आज जब हम 2026 के भारत को देखते हैं, तो स्थिति 1991 के बिल्कुल विपरीत और स्वर्णिम है। आज भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया के लिए एक मिसाल बनी हुई है। भारत पूरी दुनिया में इकलौता ऐसा देश बनकर उभरा है, जिसके पास ऐतिहासिक रूप से बेहद मजबूत और विशाल विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) मौजूद है। दुनिया की तमाम बड़ी और प्रतिष्ठित रेटिंग एजेंसियाँ, वर्ल्ड बैंक और आईएमएफ चीख-चीखकर कह रहे हैं कि भारत में आर्थिक समस्या दूर-दूर तक नहीं दिखती। भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है।
ऐसे दौर में राहुल गाँधी का यह कहना कि देश में आर्थिक तानाशाही या संकट आने वाला है, समझ से परे है। क्या आज देश में ट्रेजरी बैन होने जा रही है? क्या सरकारी कर्मचारियों की सैलरी रुकने वाली है? क्या देश में अनाज की कमी है? जवाब है- बिल्कुल नहीं। जब देश आर्थिक रूप से महाशक्ति बनने की राह पर है, तो आर्थिक आपातकाल का डर दिखाना देश की जनता की बुद्धिमत्ता का अपमान करना है।
अनुच्छेद 352: क्या कॉन्ग्रेस देश को गृहयुद्ध की तरफ ढकेल रही है?
अब बात करते हैं दूसरी बड़ी धारा की, जिसके दम पर देशव्यापी इमरजेंसी लगाई जा सकती है वह है अनुच्छेद 352। संविधान के अनुसार, राष्ट्रपति इस धारा का उपयोग केवल दो ही सूरतों में कर सकते हैं: या तो भारत पर किसी विदेशी शत्रु ने आक्रमण कर दिया हो (बाहरी युद्ध), या फिर देश के भीतर सशस्त्र विद्रोह यानी गृहयुद्ध (Civil War) जैसी स्थिति पैदा हो गई हो, जिससे देश की सुरक्षा पूरी तरह खतरे में आ गई हो।
यहाँ राहुल गाँधी और कॉन्ग्रेस से देश की जनता को बहुत सीधे और कड़े सवाल पूछने की जरूरत है। राहुल गाँधी जिस इमरजेंसी का जिक्र करके देश के युवाओं, अल्पसंख्यकों और आम नागरिकों को डरा रहे हैं, क्या उनके पास ऐसी कोई गुप्त सूचना है कि भारत पर कोई विदेशी ताकत हमला करने वाली है? क्या चीन या पाकिस्तान भारत पर कोई बड़ा आक्रमण करने जा रहे हैं, जिसकी जानकारी सिर्फ राहुल गाँधी को है? अगर नहीं, तो फिर वह किस आधार पर आपातकाल का भय पैदा कर रहे हैं?
अगर विदेशी आक्रमण की कोई आशंका नहीं है, तो इसका दूसरा सीधा और खतरनाक मतलब यह निकलता है कि क्या राहुल गाँधी और कॉन्ग्रेस खुद देश के भीतर गृहयुद्ध जैसी स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं? क्या वे देश की जनता को भड़काकर, समाज में जाति, धर्म और वर्ग के नाम पर ऐसी नफरत फैलाना चाहते हैं जिससे कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो जाए? क्या वे चाहते हैं कि देश में दंगे हों, हिंसा हो और सरकार के हाथ से नियंत्रण पूरी तरह निकल जाए, ताकि सरकार मजबूर होकर आपातकाल की घोषणा कर दे?
अगर ऐसा है, तो यह बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला है। जिस तरह हमारे पड़ोसी देशों जैसे बांग्लादेश, श्रीलंका या पाकिस्तान में जनता को उकसाकर, सड़कों पर हिंसा करवाकर तख्तापलट और अराजकता का माहौल पैदा किया गया, क्या ठीक वैसा ही टूलकिट भारत में भी लागू करने की कोशिश की जा रही है?
राहुल गाँधी अक्सर विदेशी दौरों पर जाकर भारत के लोकतंत्र को कमतर आँकते हैं और विदेशी ताकतों से हस्तक्षेप की गुहार लगाते दिखते हैं। देश में झूठ का ऐसा नैरेटिव फैलाना जो लोगों को सरकार और संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ हिंसक होने के लिए उकसाए, देशद्रोह की श्रेणी में आता है। अगर कॉन्ग्रेस और उनके नेता जानबूझकर देश को गृहयुद्ध की आग में झोंकने की कोशिश कर रहे हैं, तो वक्त आ गया है कि उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और उनकी गद्दारी का पर्दाफाश किया जाए।
साल 1978 का संविधान संशोधन: अब मनमानी मुमकिन नहीं
राहुल गाँधी शायद यह भूल जाते हैं कि आज का भारत 1975 का भारत नहीं है, जब उनकी दादी इंदिरा गाँधी ने आधी रात को बिना कैबिनेट की लिखित मंजूरी के सिर्फ अपनी सत्ता बचाने के लिए पूरे देश को जेलखाना बना दिया था। 1975 में इंदिरा गाँधी ने आंतरिक अशांति के नाम पर जो आपातकाल लगाया था, उसकी कड़वी यादें आज भी देश के जेहन में ताजा हैं। लेकिन उस काले दौर के बाद देश के संविधान को और अधिक अभेद्य और मजबूत बनाया गया।
साल 1978 में संविधान में 44वाँ संशोधन (44th Constitutional Amendment) किया गया। इस संशोधन ने सरकार की मनमानी शक्तियों पर हमेशा के लिए लगाम लगा दी। इस कानून के तहत यह अनिवार्य कर दिया गया कि-
- आपातकाल लगाने के लिए केवल प्रधानमंत्री की सलाह काफी नहीं होगी, बल्कि पूरी कैबिनेट की ‘लिखित मंजूरी’ राष्ट्रपति को देनी होगी।
- ‘आंतरिक अशांति’ शब्द को हटाकर उसकी जगह ‘सशस्त्र विद्रोह’ (Armed Rebellion) शब्द जोड़ा गया, ताकि कोई भी सरकार राजनीतिक विरोध को दबाने के लिए इमरजेंसी न लगा सके।
- सबसे महत्वपूर्ण बात अगर सरकार संसद से आपातकाल को मंजूरी दिलवा भी देती है, तो भी हमारी न्यायपालिका यानी सुप्रीम कोर्ट के पास उसका ज्यूडिशियल रिव्यू (Judicial Review – न्यायिक पुनरावलोकन) करने का पूरा अधिकार होगा।
इंदिरा गाँधी के समय न्यायपालिका के हाथ बंधे हुए थे, लेकिन आज ऐसा नहीं है। अगर आज की तारीख में कोई भी सरकार मनमाने ढंग से आर्थिक या राष्ट्रीय आपातकाल लगाने की हिमाकत करती है, तो न्यायपालिका तुरंत उसका रिव्यू करेगी। कोर्ट में सरकार को देश के सारे आर्थिक आँकड़े, खुफिया रिपोर्ट और पुख्ता सबूत सामने रखने होंगे कि आपातकाल क्यों लगाया गया।
चूँकि आज देश में आपातकाल लगाने की 0.1% आशंका या आधार भी मौजूद नहीं है, इसलिए सुप्रीम कोर्ट ऐसी किसी भी कोशिश को एक मिनट में असंवैधानिक घोषित कर खारिज कर देगा। आज के समय में देश में आपातकाल लगाना कानूनी और संवैधानिक रूप से लगभग असंभव हो चुका है।
अनुच्छेद 356 का इतिहास और कॉन्ग्रेस का दोहरा चरित्र
आपातकाल और लोकतंत्र की दुहाई देने वाली कॉन्ग्रेस पार्टी का अपना इतिहास लोकतांत्रिक मूल्यों का गला घोटने से भरा पड़ा है। अतीत में केंद्र की कॉन्ग्रेस सरकारों ने संविधान की धारा 356 (राष्ट्रपति शासन) का सबसे ज्यादा और सबसे गंदे तरीके से दुरुपयोग किया। जब भी केंद्र में कॉन्ग्रेस की सरकार होती थी और किसी राज्य में विपक्षी दल की सरकार बनती थी, तो गवर्नर के माध्यम से बहुत ही आसानी से चुनी हुई राज्य सरकारों को गिरा दिया जाता था और वहाँ इमरजेंसी (राष्ट्रपति शासन) थोप दी जाती थी।
इतिहास गवाह है कि कॉन्ग्रेस ने देश भर में करीब 90 से 100 बार अलग-अलग राज्यों की चुनी हुई लोकप्रिय सरकारों को ताश के पत्तों की तरह बिखेर दिया। अकेले इंदिरा गाँधी के कार्यकाल में दर्जनों बार इस धारा का दुरुपयोग हुआ। लेकिन आज के दौर में क्या यह संभव है?
एस. आर. बोम्मई बनाम भारत संघ (1994): इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के बाद अब अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग भी पूरी तरह से बंद हो चुका है। अब अगर केंद्र सरकार किसी एक राज्य में भी दुर्भावना से धारा 356 का इस्तेमाल करती है, तो ज्यूडिशियल रिव्यू के सामने केंद्र को मुँह की खानी पड़ती है। सुप्रीम कोर्ट ने कई बार अवैध रूप से गिराई गई राज्य सरकारों को दोबारा बहाल करके यह साबित किया है कि अब केंद्र की तानाशाही नहीं चलेगी।
जब आज एक छोटे से राज्य में भी धारा 356 लगाना इतना मुश्किल और कानूनी पेचीदगियों से भरा है, तो फिर राहुल गाँधी पूरे देश में धारा 352 और 360 के तहत बड़ी इमरजेंसी लगने का डर कैसे दिखा सकते हैं? यह जानते हुए भी कि कानूनी तौर पर यह असंभव है, वे लगातार झूठ क्यों बोल रहे हैं?
क्या राहुल गाँधी के खिलाफ कानूनी एक्शन का समय आ गया है?
पूरे मामले का लब्बोलुआब यह है कि संवैधानिक, आर्थिक और कानूनी रूप से आज के भारत में किसी भी प्रकार की इमरजेंसी का दूर-दूर तक कोई वजूद या अंदेशा नहीं है। भारत आर्थिक रूप से समृद्ध है, देश की सीमाएँ सुरक्षित हैं और न्यायपालिका पूरी तरह स्वतंत्र और सतर्क है। ऐसे में राहुल गाँधी का इमरजेंसी वाला राग सिर्फ और सिर्फ एक राजनीतिक एजेंडा है, जिसका मकसद देश के भीतर असंतोष पैदा करना और वैश्विक मंच पर भारत की छवि को खराब करना है।
राहुल गाँधी और कॉन्ग्रेस पार्टी अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन को वापस पाने के लिए देश की जनता को एक काल्पनिक डर का शिकार बना रही है। जब आप बिना किसी ठोस आधार के जनता को लगातार यह विश्वास दिलाने की कोशिश करते हैं कि उनके अधिकार छीने जा रहे हैं, तो आप अनजाने में या जानबूझकर उन्हें अराजकता की तरफ धकेल रहे होते हैं। यह ठीक वैसा ही खतरनाक खेल है जैसा हमारे पड़ोसी देशों में देखा गया, जहाँ अफवाहों और प्रायोजित आंदोलनों के दम पर पूरे देश को बर्बाद कर दिया गया।
अपने ही देश की सेना, न्यायपालिका, चुनाव आयोग और संसद पर अविश्वास जताना और जनता को विद्रोह के लिए उकसाने का प्रयास करना देशहित के खिलाफ है। यदि राहुल गाँधी के पास अपने दावों को साबित करने के लिए कोई संवैधानिक या तार्किक आधार नहीं है, तो देश की सुरक्षा एजेंसियों और कानूनी संस्थाओं को इस गंभीर झूठ का संज्ञान लेना चाहिए।
देश को गुमराह करने, समाज को बाँटने और भारत को गृहयुद्ध की तरफ ढकेलने की इस खतरनाक राजनीतिक गद्दारी के खिलाफ अब सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई भी नेता अपने निजी स्वार्थ के लिए देश की शांति और सुरक्षा से खिलवाड़ न कर सके।


