हाल ही में अंतराष्ट्रीय रिपोर्ट में इंटरनेट की एक बेहद डरावनी सच्चाई को उजागर किया गया है। कुछ गुप्त ऑनलाइन ग्रुप्स और मैसेजिंग ऐप्स पर महिलाओं के खिलाफ हिंसा का एक गंदा खेल चल रहा है। यहाँ महिलाओं के साथ होने वाले यौन अपराधों को न केवल रिकॉर्ड किया जाता है, बल्कि उन्हें दूसरों के साथ शेयर भी किया जाता है और ऐसे दिखाया जाता है जैसे ये कोई सामान्य चीज हो।
यह नेटवर्क इंटरनेट पर ऐसे छिपकर चलाया जाता है, जहाँ आम यूजर की पहुँच नहीं होती। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कई मामलों में ये अपराध किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा नहीं, बल्कि महिलाओं के अपने ही पति, पार्टनर या परिचित लोगों द्वारा किए जा रहे हैं। यानी खतरा अब घर और रिश्तों के भीतर तक पहुँच चुका है।
इन गतिविधियों को ‘स्लीप कंटेंट’, ‘गुमनाम अब्यूज नेटवर्क’ या ‘ऑनलाइन रेप कम्युनिटी’ जैसे नाम दिए गए हैं। इनका पैटर्न लगभग एक जैसा है: महिलाओं को उनकी सहमति के बिना बेहोशी या नशे की हालत में प्रताड़ित करना और उसका वीडियो बनाना।
जाँच बताती है कि इन सारे ग्रुप्स को ‘रेप अकादमी’ के अंतर्गत चिह्नित किया जाता है। जहाँ ये सब आपस में जुड़कर एक दूसरे को अपराध करने का तरीका सिखाते हैं और ये भी ट्रेनिंग देते हैं कि अपराध करने के बाद कैसे बचा जाए।
गुमनामी और तकनीक का फायदा उठाकर यह नेटवर्क अब एक वैश्विक डिजिटल अपराध तंत्र बन चुका है, जो समाज और कानून दोनों के लिए गंभीर चुनौती है।
पेलिकोट केस से नेटवर्क का खुलासा
CNN रिपोर्ट के अनुसार इस पूरी कहानी का सबसे बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब फ्रांस के डोमिनिक पेलिकोट केस सामने आया। यह मामला सिर्फ एक व्यक्तिगत अपराध नहीं था, बल्कि उस डिजिटल नेटवर्क की ओर इशारा करता है, जहाँ अपराध को प्लानिंग के साथ अंजाम दिया जा रहा था।
डोमिनिक पेलिकोट पर आरोप था कि उसने अपनी पत्नी को लंबे समय तक नशे की हालत में रखकर उसके साथ यौन हिंसा को अंजाम दिया और इसके लिए उसने अन्य पुरुषों को भी शामिल किया। वह ऑनलाइन चैट ग्रुप्स का इस्तेमाल करता था, जिनमें वह अन्य लोगों से संपर्क कर इस अपराध की योजना बनाता था।
उसकी जानकारी के बिना नाम के एक चैट ग्रुप का जिक्र इस केस में बार-बार सामने आया, जहाँ इसी तरह की गतिविधियों पर चर्चा होती थी। जाँच में यह भी सामने आया कि पीड़िता गिज़ेल पेलिकोट को 200 से अधिक बार ऐसे अपराधों का सामना करना पड़ा।
यह मामला सामने आने के बाद दुनिया भर में यह बहस तेज हो गई कि आखिर डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर ऐसी गतिविधियाँ इतने लंबे समय तक बिना रोकथाम के कैसे चलती रहीं।
ऑनलाइन रेप नेटवर्क क्या होता है?
ऑनलाइन रेप नेटवर्क किसी सामान्य सोशल मीडिया ग्रुप या चैट कम्युनिटी जैसा नहीं होता। यह एक प्रकार का छुपा हुआ डिजिटल नेटवर्क होता है, जहाँ अपराधी एक-दूसरे से जुड़े रहते हैं और अपने अनुभव, तरीके और योजनाएँ एक दूसरे से शेयर करते हैं।
इन ग्रुप्स में अक्सर इस तरह की गतिविधियाँ देखने को मिलती हैं, जिसमें किसी को बेहोश करने के तरीके, दवाओं या नशे के इस्तेमाल की चर्चा, वीडियो रिकॉर्ड करने के तरीके और यहाँ तक कि अपराध के बाद सबूत मिटाने की रणनीतियाँ भी बताई जाती है।
सबसे गंभीर पहलू यह है कि यह नेटवर्क नए लोगों को भी आकर्षित करता है और धीरे-धीरे उन्हें इसी तरह की सोच और व्यवहार की ओर धकेल देता है। यह केवल एक अपराध नहीं, बल्कि एक तरह की क्रिमिनल सोशल ट्रेनिंग जैसा वातावरण बन जाता है।
स्लीप कंटेंट क्या है और कैसे फैलता है?
स्लीप कंटेंट इंटरनेट का एक खतरनाक ट्रेंड है, जिसमें सोती हुई, बेहोश या नशे में मौजूद महिलाओं के वीडियो बनाकर ऑनलाइन शेयर किए जाते हैं। बाहर से ये वीडियो सामान्य लग सकते हैं, लेकिन असल में इनमें से कई बिना सहमति के रिकॉर्ड किए जाते हैं, जो एक गंभीर अपराध है।
इन वीडियो को छुपाने के लिए ‘नींद’, ‘बेहोश’, ‘आई चेक’ जैसे साधारण टैग्स इस्तेमाल किए जाते हैं, ताकि लोग और प्लेटफॉर्म तुरंत इसकी सच्चाई न समझ सकें। यह एक तरह की डिजिटल चाल है, जिससे गलत कंटेंट आसानी से फैलाया जाता है।
सबसे हैरानी वाली बात ये है कि इन वीडियो में महिलाएँ पूरी तरह असहाय होती हैं और उन्हें पता भी नहीं होता कि उनके साथ क्या हो रहा है। इसलिए यह सिर्फ प्राइवेसी का मामला नहीं, बल्कि यौन शोषण का गंभीर रूप है।
जाँच में सामने आया है कि ऐसे हजारों वीडियो ऑनलाइन मौजूद हैं, जिन्हें लाखों बार देखा जाता है। सोशल मीडिया एल्गोरिद्म और सीक्रेट ग्रुप्स के जरिए यह कंटेंट तेजी से फैलता है। धीरे-धीरे यह ट्रेंड सामान्य जैसा दिखने लगता है, जो समाज और कानून दोनों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
ड्रग-फैसिलिटेटेड सेक्सुअल असॉल्ट (DFSA)
DFSA इस पूरे नेटवर्क का सबसे खतरनाक और छुपा हुआ रूप है। इसमें अपराधी जानबूझकर पीड़ित को ऐसी दवाएँ या नशीले पदार्थ देते हैं, जिनका मकसद उसे बेहोश या असहाय बना देना होता है। इसके बाद व्यक्ति ऐसी स्थिति में चला जाता है जहाँ उसे अपने आसपास क्या हो रहा है, इसकी कोई जानकारी नहीं होती।
इन दवाइयों का असर बहुत तेज होता है और कुछ ही मिनटों में व्यक्ति होश खो देता है। सबसे गंभीर बात यह है कि कई मामलों में पीड़िता को घटना के बाद कुछ भी याद नहीं रहता। यह मेमोरी गैप इस अपराध को और खतरनाक बना देता है, क्योंकि पीड़ित खुद भी नहीं समझ पाता कि उसके साथ क्या हुआ।
जाँच एजेंसियों के अनुसार, अब अपराधी ऐसे उन्नत ड्रग्स का इस्तेमाल कर रहे हैं जो शरीर में जल्दी घुल जाते हैं और कुछ समय बाद पहचान में नहीं आते। इससे मेडिकल जाँच में सबूत मिलना बेहद मुश्किल हो जाता है।
इसी वजह से DFSA मामलों में जाँच और कानूनी कार्रवाई मुश्किल हो जाती है। कई बार सच्चाई तब सामने आती है जब कोई वीडियो या डिजिटल सबूत मिलता है, जिससे यह अपराध और भी गंभीर रूप ले लेता है।
पीड़ित महिलाओं की कहानियाँ
इस पूरे ऑनलाइन रेप नेटवर्क और ड्रग-फैसिलिटेटेड यौन अपराधों का सबसे दर्दनाक पहलू उन महिलाओं की कहानियों में छिपा है, जो इस तरह की घटनाओं की शिकार बनी वो भी उनसे जिन पर उन्हे सबसे ज्यादा भरोसा था।
ये सिर्फ आँकड़ों या केस फाइलों की बात नहीं है, बल्कि ऐसे जीवन की कहानी है जो अचानक टूट गया और कई बार पीड़ितों को सालों तक यह भी पता नहीं चला कि उनके साथ क्या हुआ था।
- फ्रांस के गिजेल पेलिकोट केस ने इस पूरे मुद्दे को वैश्विक चर्चा में ला दिया। गिज़ेल के मामले में सामने आया कि उनके पति डोमिनिक पेलिकोट ने उन्हें लंबे समय तक नशे की हालत में रखा और अन्य पुरुषों के साथ मिलकर उनके साथ यौन हिंसा को अंजाम दिया। अदालत में गिज़ेल ने बेहद साहस के साथ अपनी बात रखी और कहा, “शर्म अपराधी के हिस्से आनी चाहिए, पीड़िता के हिस्से नहीं।” उनकी यह बात बाद में एक अंतरराष्ट्रीय प्रतीक बन गई, जो यह दिखाती है कि पीड़ितों को चुप रहने के बजाय सामने आना कितना जरूरी होता है।
- एक और पीड़ित महिला ज़ो वाट्स (Zoe Watts) का मामला सामने आया, जो इंग्लैंड की रहने वाली हैं। उन्हें अपने पति की करतूत के बारे में लंबे समय तक कुछ भी पता नहीं चला। बाद में पति ने खुद स्वीकार किया कि वह कई सालों से उन्हें नशीला पदार्थ देकर बेहोश करता था और उनके साथ यौन हिंसा करता था, जबकि वह इस बात से पूरी तरह अनजान थीं।
ज़ो ने बताया कि इस खुलासे के बाद उनका पूरा जीवन बिखर गया। उन्होंने कहा कि सबसे मुश्किल बात यह थी कि उन्हें यह समझने में समय लगा कि जिस व्यक्ति के साथ उन्होंने अपना जीवन बिताया, वही उनके साथ इस तरह की हरकत कर रहा था। इस अनुभव ने उनके मानसिक स्वास्थ्य को गहराई से प्रभावित किया और उन्हें लंबे समय तक ट्रॉमा और सामाजिक अलगाव का सामना करना पड़ा।
- ब्रिटेन की अमांडा स्टैनहोप ने भी अपने अनुभव को सार्वजनिक किया। उन्होंने बताया कि उनके साथ उनके पार्टनर ने कई सालों तक ऐसा व्यवहार किया, जिसमें उन्हें बार-बार बेहोश या आधी-बेहोशी की स्थिति में शोषण का सामना करना पड़ा। अमांडा ने कहा कि कई बार उन्हें सुबह उठने पर अपने शरीर पर चोट के निशान मिलते थे, लेकिन उन्हें समझ नहीं आता था कि ऐसा क्यों हुआ। बाद में जब सच्चाई सामने आई, तो उन्हें यह स्वीकार करने में बेहद कठिनाई हुई कि यह सब उनके अपने रिश्ते के भीतर हुआ। उन्होंने कहा कि इस अनुभव के बाद उन्हें हर व्यक्ति पर भरोसा करना मुश्किल लगने लगा और उनका जीवन पूरी तरह बदल गया।
- इटली की एक पीड़िता, जिन्हें रिपोर्ट में वैलेंटिना के नाम से पहचाना गया। उन्होंने भी अपने अनुभव को बताया। उन्होंने बताया कि उनके पति ने उनके साथ लंबे समय तक ऐसी हरकतें कीं जिनका उन्हें कोई स्मरण नहीं था। बाद में उन्हें वीडियो फुटेज के जरिए सच्चाई का पता चला। वैलेंटिना ने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा झटका इस बात से लगा कि उनके शरीर पर कोई स्पष्ट निशान नहीं था, इसलिए उन्हें खुद भी पहले कुछ गलत होने का एहसास नहीं हुआ। उन्होंने इस अनुभव को ‘मानसिक रूप से जीवनभर का दाग’ बताया, जो कभी पूरी तरह मिटता नहीं है।
इन सभी कहानियों में एक बात कॉमन नजर आती है, पीड़ितों को अक्सर अपराध के समय कोई स्पष्ट जानकारी नहीं होती। कई बार उन्हें केवल बाद में डिजिटल सबूत, वीडियो या आरोपित के कन्फेशन के जरिए सच्चाई का पता चलता है। यह प्रक्रिया अपने आप में बेहद दर्दनाक होती है क्योंकि इसमें सिर्फ अपराध का नहीं, बल्कि विश्वास टूटने का भी सामना करना पड़ता है।
इन महिलाओं ने यह भी बताया कि इस अनुभव के बाद उनका मानसिक जीवन पूरी तरह बदल गया। चिंता, डर, अविश्वास और लगातार असुरक्षा की भावना उनके जीवन का हिस्सा बन गई। कई पीड़ितों ने कहा कि वे अब सामान्य सामाजिक स्थितियों में भी सहज महसूस नहीं कर पातीं और हर रिश्ते को संदेह की नजर से देखने लगी हैं।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की भूमिका, कानूनी सीमाएँ और Coco जैसे नेटवर्क का विवाद
ऑनलाइन रेप नेटवर्क और डिजिटल यौन अपराधों के बढ़ने से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की भूमिका लगातार सवालों के घेरे में है। कई बड़ी वेबसाइट्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स खुद को यूजर जनरेटेड कंटेंट का माध्यम बताकर जिम्मेदारी से बचने की कोशिश करते हैं। लेकिन असल समस्या यही है कि इन प्लेटफॉर्म्स पर बेनाम अकाउंट्स बनाना बेहद आसान है, जिससे अपराधी अपनी पहचान छुपाकर सक्रिय रहते हैं और बिना डर के ऐसे कंटेंट को फैलाते हैं।
अक्सर अवैध या आपत्तिजनक वीडियो अपलोड होने के बाद उन्हें तुरंत हटाना संभव नहीं होता, क्योंकि वे पहले ही अलग-अलग ग्रुप्स, चैनलों और लिंक के जरिए फैल चुके होते हैं। इससे एक ऐसा डिजिटल माहौल बनता है, जहाँ अपराधियों को सुरक्षा का एहसास होता है और सिस्टम कमजोर दिखाई देता है।
इस समस्या का सीधा संबंध कानून और जाँच एजेंसियों की सीमाओं से भी है। कई देशों में अभी तक DFSA जैसे जटिल अपराधों के लिए मजबूत और स्पष्ट कानूनी ढाँचा पूरी तरह विकसित नहीं हो पाया है। इसके अलावा पीड़ित भी अक्सर डर, शर्म और सामाजिक दबाव के कारण शिकायत दर्ज नहीं कराते, जिससे कई मामले सामने ही नहीं आ पाते।
जाँच प्रक्रिया भी आसान नहीं होती। DFSA में इस्तेमाल होने वाले ड्रग्स जल्दी शरीर से बाहर निकल जाते हैं, जिससे मेडिकल और फॉरेंसिक जाँच में ठोस सबूत मिलना मुश्किल हो जाता है। नतीजतन, कई केस कमजोर पड़ जाते हैं और कोर्ट तक पहुँचने से पहले ही खत्म हो जाते हैं या लंबे समय तक लंबित रहते हैं।
फ्रांस की Coco वेबसाइट इस पूरे मामले का एक बड़ा उदाहरण है। इस प्लेटफॉर्म पर गंभीर आपराधिक गतिविधियों के आरोप लगे और इसे 2024 में बंद किया गया, लेकिन बाद में यह ‘Cocoland’ नाम से फिर सामने आ गई।
इससे यह साफ हो गया कि ऐसे प्लेटफॉर्म्स को पूरी तरह खत्म करना कितना मुश्किल है, क्योंकि वे नए नाम और रूप में फिर उभर आते हैं। इस प्लेटफॉर्म का संबंध पेलिकोट जैसे बड़े मामलों से भी जोड़ा गया है।
यह स्थिति बताती है कि यह समस्या सिर्फ कुछ वेबसाइट्स तक सीमित नहीं, बल्कि एक बड़े वैश्विक डिजिटल नेटवर्क का हिस्सा है। तकनीक, गुमनामी और कमजोर निगरानी मिलकर ऐसा माहौल बना रहे हैं, जहाँ अपराध को कंटेंट और हिंसा को कम्युनिटी में बदला जा रहा है।
यही इस समस्या का सबसे खतरनाक पहलू है। जो समाज, कानून और डिजिटल सिस्टम तीनों के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। जहाँ हिंसा को कंटेंट और अपराध को कम्युनिटी में बदल दिया जाता है। ये आधुनिकता का सबसे खतरनाक मोड़ है।


