मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर सुबह-सुबह हमला, बाइक से आए नकाबपोशों ने ताबड़तोड़ बरसाई गोलियाँ: CCTV में सब कैद, हरियाणा पुलिस जाँच में जुटी

मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी-2 विजेता एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर आज सुबह (17 अगस्त 2025) अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की। घटना सुबह करीब 5:30 बजे की है।

बताया जा रहा है कि तीन नकाबपोश युवक बाइक पर सवार होकर आए थे और एल्विश के घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौके से फरार हो गए।

शुरुआती जाँच में सामने आया है कि, हमलावरों ने करीब 12 से 15 राउंड गोलियाँ चलाईं, जिससे घर की खिड़कियों और दीवारों पर छेद हो गए। घटना के वक्त एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे, मगर उनका परिवार और केयरटेकर अंदर थे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और पूरे इलाके को घेरकर जाँच शुरू कर दी है। घटनास्थल से CCTV फुटेज भी बरामद किए गए हैं, जिसमें दो हमलावर स्पष्ट तौर पर नजर आ रहे हैं। अब पुलिस मामले में आगे जाँच कर रही है।