पाकिस्तानी रेंजर्स ने ‘तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान’ के समर्थकों को बीच सड़क पर मारी गोलियाँ, 70+ लोगों को वाहनों से कुचला: PAK में भारी बवाल

पाकिस्तान के लाहौर और मुरीदके में बड़ा बवाल हुआ है। पाकिस्तानी पंजाब की पुलिस ने लाहौर और मुरीदके में तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान (टीएलपी) के प्रदर्शन पर गोलियाँ चलाई हैं। जिसमें 10 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है। हिंसक झड़प में 50 से अधिक पाकिस्तानी पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

टीएलपी ने दावा किया है कि रेंजर्स ने बख्तरबंद गाड़ियों से 70 से ज्यादा लोगों को कुचल दिया है। इसमें कई लोग घायल हुए हैं

टीएलपी प्रमुख साद हुसैन रिजवी के नेतृत्व में लाहौर से आगे बढ़ रहे इस्लामी समूह के मार्च को रोकने के लिे सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज किया और आँसू गैस के गोले छोड़े।

यहाँ तक कि पाकिस्तान रेंजर्स ने भी कथित तौर पर टीएलपी कार्यकर्ताओं के साथ हाथापाई की। प्रदर्शनकारियों ने अर्धसैनिक बलों पर अत्याधुनिक हथियारों के इस्तेमाल का आरोप लगाया। टीएलपी फिलिस्तीन के समर्थन में शहबाज सरकार और इज़राइल के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी इस्लामाबाद जाने वाले रास्ते में कई पुलिसिया अवरोधों के बावजूद मुरीदके पहुँच गए और शिविर स्थापित कर लिया।

प्रदर्शनकारियों ने यातीम खाना चौक, चौबुर्जी, आजादी चौक और शाहदरा जैसे प्रमुख चौराहों पर बैरिकेड्स तोड़ दिए हैं। पुलिस ने खारियां में जीटी रोड पर वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए गड्ढा खोद दिया। इतना ही नहीं प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए सराय आलमगीर में झेलम पुल के पास और चेनाब नदी के वजीराबाद की ओर भी गड्ढे खोदे गए।

टीएलपी ने पंजाब की मरियम नवाज सरकार पर प्रदर्शनकारियों पर जुल्म ढाहने का आरोप लगाया। तहरीक ए लब्बैक पाकिस्तान ने शुक्रवार 10 अक्टूबर को विरोध मार्च निकाला था। इसके बाद ये लगातार उग्र होता चला गया।