Sharing this month's #MannKiBaat. Do tune in! https://t.co/KYICHKPpNr
— Narendra Modi (@narendramodi) October 26, 2025
पीएम मोदी ने कहा, “संस्कृत का नाम सुनते ही हमारे मन में हमारे ‘धार्मिक ग्रंथ’, ‘वेद’, ‘उपनिषद’, ‘पुराण’, शास्त्र, प्राचीन ज्ञान-विज्ञान, अध्यात्म और दर्शन आते हैं। एक समय में, संस्कृत संचार की भाषा भी थी। दुर्भाग्य से, दासता के दौर में और आजादी के बाद भी, संस्कृत लगातार उपेक्षा का शिकार रही है। समय बदल रहा है और संस्कृत का भी समय बदल रहा है। अगर आप सोशल मीडिया पर जाएँ, तो आपको कई रीलें मिलेंगी जिनमें युवा संस्कृत में और उसके बारे में बात करते नजर आ रहे हैं।”
भारतीय संस्कृति की चर्चा करते हुए उन्होंने बिहार के महापर्व छठ की शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि छठ के घाटों पर समाज का हर वर्ग एक साथ खड़ा होता है। ये दृश्य भारत की सामाजिक एकता का सबसे सुंदर उदाहरण है।
पीएम मोदी ने हैदराबाद के निजाम और जनजातीय नेता कोमरम भीम के बारे में बातें की। उन्होंने कहा कि निजाम के अत्याचार से तंग आकर असम पहुँचे जनजाति समुदाय के कोमरम भीम ने समाज को नई दिशा दी। कोमरम भीम का जीवन काल 40 साल तक ही रहा। लेकिन जनजातीय समाज के लिए उन्होंने लड़ाई लड़ी और अमिट छाप छोड़ी। निजाम की सत्ता के खिलाफ बड़ी चुनौती बने। 1940 में निजाम के लोगों ने उनकी हत्या कर दी।
भगवान बिरसा मुंडा का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश की आजादी और जनजातीय समाज के लिए उन्होंने काफी काम किया। पीएम मोदी ने कहा, “मैने वहाँ की माटी को माथे पर लगाया।”
सरदार पटेल को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उनकी 150वीं जयंती पूरे देश के लिए एक बहुत ही विशेष अवसर है। सरदार पटेल आधुनिक समय में राष्ट्र के महानतम दिग्गजों में से एक रहे हैं। गाँधीजी से प्रेरित होकर, उन्होंने स्वयं को पूर्णतः स्वतंत्रता आंदोलन के लिए समर्पित कर दिया। ‘खेड़ा सत्याग्रह’ से लेकर ‘बोरसद सत्याग्रह’ तक, अनेक आंदोलनों में उनके योगदान को आज भी याद किया जाता है। उन्होंने लोगों से बढ़-चढ़कर ‘रन फॉर यूनिटी’ में हिस्सा लेने की अपील की।
भारतीय कॉफी को दुनिया अब कर रही पसंद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आप सभी चाय से मेरे जुड़ाव के बारे में जानते हैं, लेकिन आज मैंने सोचा, क्यों न मन की बात में कॉफ़ी पर भी चर्चा की जाए। ओडिशा के कई लोगों ने कोरापुट कॉफ़ी के बारे में अपनी भावनाएँ मेरे साथ साझा कीं। मुझे बताया गया है कि कोरापुट कॉफ़ी का स्वाद लाजवाब है और सिर्फ़ इतना ही नहीं, स्वाद के अलावा, कॉफी की खेती से भी लोगों को फायदा हो रहा है।
उन्होंने कहा कि कोरापुट में ऐसे लोग हैं जो अपने जुनून से कॉफ़ी की खेती कर रहे हैं। भारतीय कॉफी पूरी दुनिया में बहुत लोकप्रिय हो रही है। इसलिए कॉफ़ी प्रेमी कहते हैं, भारत की कॉफी अपनी सर्वोत्तम कॉफ़ी है। यह भारत में ही बनती है और दुनिया भर में पसंद की जाती है।
बीएसएफ,सीआरपीएफ में बढ़ रहे हैं भारतीय कुत्तों की नस्लें
पीएम मोदी ने कहा, “पांच साल पहले, मैंने इसी कार्यक्रम में भारतीय नस्ल के कुत्तों पर चर्चा की थी। मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि BSF और CRPF ने अपनी टुकड़ियों में भारतीय नस्ल के कुत्तों की संख्या बढ़ा दी है। BSF का कुत्तों के लिए राष्ट्रीय प्रशिक्षण केंद्र ग्वालियर के टेकनपुर में स्थित है। यहां उत्तर प्रदेश के रामपुर हाउंड और कर्नाटक व महाराष्ट्र के मुधोल हाउंड पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बेंगलुरु स्थित CRPF के डॉग ब्रीडिंग एंड ट्रेनिंग स्कूल में मोंगरेल, मुधोल हाउंड, कोम्बाई और पांडिकोना जैसी भारतीय नस्लों के कुत्तों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।”

