2790 अवैध प्रवासियों को अमेरिका ने भेजा भारत वापस, घुसपैठ करने वालों की संख्या 2025 में 62% घटी: विदेश मंत्रालय ने दिए आँकड़े, बताया- ब्रिटेन से भी लौटे 100 लोग

भारत सरकार ने पुष्टि की है कि साल 2025 में अमेरिका से कुल 2,790 भारतीय नागरिकों को डिपोर्ट किया गया है। ये सभी लोग अमेरिका में गैरकानूनी तरीके से रह रहे थे और उनकी पहचान की पूरी जाँच के बाद उन्हें भारत लाया गया। यह जानकारी विदेश मंत्रालय (MEA) ने गुरुवार (30 अक्टूबर 2025) को दी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने बताया, “जनवरी 2025 से अब तक करीब 2,790 भारतीय नागरिक जो अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे थे, उन्हें वापस भेजा गया है। उनकी राष्ट्रीयता और पहचान की जाँच के बाद ही यह प्रक्रिया पूरी की गई।”

उन्होंने कहा कि यह आँकड़ा 29 अक्टूबर 2025 तक का है। जायसवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि हर व्यक्ति की पहचान की पुष्टि के बाद ही उसे वापस लाया गया और यह प्रक्रिया भारत और अमेरिका के बीच तय कानूनी व राजनयिक नियमों के तहत की गई।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने ब्रिटेन (यूके) से की गई वापसी पर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया, “इस साल ब्रिटेन से भी लगभग 100 भारतीय नागरिकों को उनकी राष्ट्रीयता की जाँच के बाद वापस भेजा गया है।” यह आँकड़े दिखाते हैं कि भारत और अन्य देशों के बीच गैरकानूनी प्रवास को नियंत्रित करने के लिए सहयोग लगातार बढ़ रहा है।

भारत से अमेरिका में अवैध घुसपैठ करने वालों की संख्या में गिरावट

दूसरी ओर, अमेरिका में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश करने वाले भारतीयों की संख्या चार साल में सबसे कम स्तर पर पहुँच गई है। अमेरिकी सीमा और सीमा सुरक्षा विभाग (CBP) के ताजा आँकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2024 से सितंबर 2025 के बीच 34,146 भारतीयों को अवैध रूप से अमेरिका में घुसने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया।

यह संख्या पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 62 प्रतिशत कम है, जब 90,415 भारतीयों को पकड़ा गया था। CBP की 28 अक्टूबर को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, यह गिरावट 2021 के बाद सबसे बड़ी साल-दर-साल कमी है, जब कोरोना महामारी के बाद आर्थिक परेशानियों के चलते भारतीयों के अवैध प्रवास के मामलों में तेजी आई थी।