ट्रेन में घुसकर संदिग्ध ने यात्रियों को घोंपा चाकू, 10 बने निशाना, 9 की हालत गंभीर: ब्रिटेन का मामला, पुलिस 2 को पकड़कर कर रही पूछताछ

ब्रिटेन के कैंब्रिजशायर में ट्रेन में चाकू से हमला कर 10 लोगों को बुरी तरह घायल कर दिया गया। इनमें से 9 की हालत गंभीर है। ब्रिटिश अधिकारियों का कहना है कि शनिवार शाम लंदन जा रही एक ट्रेन में 10 लोगों को चाकू मारा गया।

प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस घटना को भयावह करार दिया है। सोशल मीडिया पर एक बयान में ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने कहा, “हंटिंगडन के पास एक ट्रेन में हुई भयावह घटना बेहद चिंताजनक है।”

ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस ने एक बयान में कहा कि इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और ब्रिटेन की आतंकवादरोधी पुलिस ‘इस घटना की पूरी परिस्थितियों और मकसद’ का पता लगाने के लिए जाँच में शामिल हो गई है।

ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें शाम 7:42 बजे डॉनकास्टर से लंदन किंग्स क्रॉस स्टेशन जाने वाली ट्रेन में चाकूबाजी की सूचना मिली।

पुलिस के अनुसार, हथियारबंद अधिकारी लंदन से लगभग 70 मील उत्तर में हंटिंगडन स्टेशन पर ट्रेन में चढ़े और गिरफ्तारियाँ कीं।

ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस के मुख्य अधीक्षक क्रिस केसी ने एक बयान में कहा, “यह एक चौंकाने वाली घटना है और सबसे पहले मेरी संवेदनाएँ आज शाम घायल हुए लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं।”

उन्होंने बयान में कहा, “हम यह पता लगाने के लिए तत्काल जाँच कर रहे हैं कि क्या हुआ है, और आगे कुछ भी पुष्टि करने में कुछ समय लग सकता है।” “इस शुरुआती चरण में घटना के कारणों के बारे में अटकलें लगाना उचित नहीं होगा।”