‘ऑपरेशन सिंदूर 2.0’ की तैयारी! LoC पर फिर हाई अलर्ट, POK में 35+ आतंकी लॉन्च पैड एक्टिव

‘ऑपरेशन सिंदूर’ में मुँह की खाने के बाद भी पाकिस्तान अपनी आतंकी फितरत छोड़ने को तैयार नहीं है। पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में स्थित जिन आंतकी ठिकानों को भारत ने उड़ा दिया था, उन्हें अब फिर से बनाने की कवायद शुरू कर दी गई है। आतंकी लगातार लोगों को भारत के खिलाफ भड़का रहे हैं।

दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के पास वाले LoC के POK वाले इलाके में 35 से ज्यादा आतंकी लॉन्च पैड एक बार फिर एक्टिव हो चुके हैं जिसके बाद LoC पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। इन पर आतंकी ट्रेनिंग ले रहे हैं और यहीं से वे भारत में घुसपैठ की कोशिश में लगे हैं। दावा किया गया है कि इन इलाकों में 110 से अधिक आतंकियों के होने की खबरें है। खुफिया एजेंसियों ने भी इन पर नजर बनाई हुई है।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित 9 आंतकी ठिकानों को उड़ा दिया था जिनमें बहावलपुर भी शामिल था और अब इस पर फिर से आतंकियों का जमावड़ा लगने लगा है। बहावलपुर से आतंकी राणा सैफुल्लाह का एक वीडियो भी सामने आया था जिसमें वो ‘गजवा-ए-हिंद’ के लिए आतंकियों को तैयार कर रहा था।

वहीं, रिपोर्ट में ‘ऑपरेशन सिंदूर 2.0’ को लेकर भी एक्सपर्ट की राय ली गई है। डिफेंस एक्सपर्ट ने कहा है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर 2.0’ की तैयारी का मकसद हमला करना नहीं बल्कि हमले रोकना है जिससे पाकिस्तान या आसपास का कोई भी देश भारत पर बुरी नजर नहीं रख सके। उनका कहना है कि भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में अपनी ताकत दिखाई थी और अब आगे की तैयारी में जुटे हैं।