अंधेरे का सन्नाटा और जंगलराज की कहानियाँ: PM ने औरंगाबाद की जनता को याद दिलाया RJD का दौर, लोग लगाते रहे मोदी-मोदी के नारे

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (07 नवंबर 2025) को औरंगाबाद में विशाल जनसभा को संबोधित किया। 6 नवंबर को पहले चरण के मतदान के बाद 11 नवंबर को दूसरे चरण का मतदान होना है। पीएम मोदी ने पहले चरण के मतदान से उत्साहित होकर कहा कि बिहार के लोग किसी भी हाल में जंगलराज वापस नहीं लौटने देना चाहते।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने औरंगाबाद में कहा, ” पहले चरण के मतदान से स्पष्ट है कि बिहार के लोग किसी भी हाल में जंगलराज को वापस नहीं लौटना देना चाहते। RJD ने झूठे वादों का भ्रम फैलाने की भरसक कोशिश की। इनके वादों पर तो खुद कॉन्ग्रेस को ही भरोसा नहीं है। वो आरजेडी के घोषणापत्र की बात ही नहीं करती। बिहार के नौजवानों ने भी RJD के झूठ के पिटारे को खारिज कर दिया है।”

पीएम मोदी ने कहा, “बिहार का मतदाता नरेंद्र-नीतीश के ट्रैक पर भरोसा कर रहा है। हमारे पक्के इरादों को समर्थन दे रहा है। पहले चरण के मतदान से ये तय है- फिर एक बार-NDA सरकार, बिहार में फिर सुशासन सरकार।”

औरंगाबाद में पीएम मोदी ने कहा, “NDA के पास लोगों की जरूरत के हिसाब से अलग-अलग योजना है। कहीं फूड प्रोसेसिंग, कहीं टूरिज्म, कहीं टेक्नोलॉजी, तो कहीं मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। जहाँ जैसा सामर्थ्य है, वहाँ वैसे ही इंडस्ट्री लगाई जा रही है। गया में सबसे बड़ा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बन रहा है। मोदी-नीतीश का ट्रैक रिकॉर्ड आप सबके सामने है।”

मोदी ने पूरा किया अपना हर वादा

PM मोदी ने कहा, “मोदी ने अपना हर वादा निभाया है। मोदी ने वादा किया था- राम मंदिर बनेगा। हमने वो काम पूरा किया। मोदी ने आर्टिकल 370 का दीवार गिराने की बात कही थी – हमने वो गिरा दिया। मोदी ने बिहार की इसी धरती से पहलगाम हमले का बदला लेने की बात भी कही थी- आपने ऑपरेशन सिंदूर में तबाह होते पाकिस्तान को भी देखा है।”

उन्होंने कहा, “मैंने बिहार की धरती से जो कहा, वो किया। मोदी ने वन रैंक-वन पेंशन का वादा किया था। आज 7 नवंबर को ही वन रैंक-वन पेंशन लागू हुए 11 वर्ष हो रहे हैं। OROP में 11 सालों में हमारे जो फौजी भाई-बहन हैं, उनके परिवारों को ₹1 लाख करोड़ दिए जा चुके हैं। कॉन्ग्रेस-RJD वाले 500 करोड़ का झूठ बोल रहे थे, यही उनकी सच्चाई है। हम कहते हैं कि बिहार के नौजवानों को 1 करोड़ रोजगार देंगे, तो वो हम देंगे।”

बिहार से नक्सलवाद का किया खात्मा

पीएम मोदी ने कहा, “औरंगाबाद के लोग माओवाद-नक्सल आतंक से भी पीड़ित रहे हैं। वो दिन भुलाए नहीं भूलते हैं, जब अंधेरा होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता था। बसों को सुरक्षित चलने के लिए नक्सलियों को रंगदारी देनी होती थी। स्कूटर-मोटर साइकिल से आने-जाने की सोच भी नहीं पाता था।”

पीएम मोदी ने आगे कहा, “इस इलाके की चर्चा दुनिया में नरसंहारों के लिए होती थी। जैसे ही जंगलराज की सरकार गई, नीतीश जी के नेतृत्व में आप सुशासन की सरकार लगाए, तो नरसंहार की घटनाएँ बंद हो गई। आपने दिल्ली में मोदी सरकार बनाया, तो हमने तय किया कि नक्सलवाद-माओवाद की कमर तोड़ कर रहूँगा। हमनें माओवाद-नक्सलवाद आतंक की कमर तोड़ कर रख दी। अब ये आतंक समाप्ति की कगार पर है। ऐसा इसलिए हुआ है, क्योंकि बिहार में डबल इंजन की सरकार है। ये जंगलराज और सुशासन राज का अंतर है।”

NDA ही बनाएगी विकसित बिहार

बिहार के औरंगाबाद में पीएम मोदी ने कहा, “जंगलराज के गुर्गे साजिश तो अब भी कर रहे हैं, लेकिन मैं चुनाव आयोग को बधाई देता हूँ कि प्रथम चरण के चुनाव बहुत अच्छे तरीके से कराए हैं। बिहार को कट्टाराज नहीं चाहिए, बिहार को कुशासन सरकार नहीं चाहिए। बिहार के लोगों को भाजपा-NDA पर भरोसा है। NDA ही बिहार को विकसित बनाकर रहेगी। इसलिए बिहार NDA के ईनामदार संपल्पपत्र पर भरोसा करता है।”

पीएम मोदी ने गरीब कल्याण योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “बिहार के 60 लाख परिवारों को पक्के घर मिले हैं। जो पिछड़ों, अति पिछड़ों, दलित, महादलित सभी समुदायों को मिले हैं। घर घर शौचालय, मुफ्त गैस कनेक्शन, मुफ्त राशन हो या मुफ्त इलाज, इससे गरीब-वंचित का फायदा हो रहा है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में भारी भीड़ उमड़ी। पीएम मोदी के संबोधन के दौरान आम लोग मोदी-मोदी की नारेबाजी भी करते रहे।