माफी के बाद भी BBC को बख्शने को तैयार नहीं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप: कहा- जल्द दायर करेंगे मुकदमा, वसूलेंगे ₹4438.75 करोड़ तक का हर्जाना

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह बीबीसी के खिलाफ मुकदमा दायर करेंगे। उन्होंने कहा कि वे ₹4438.75 करोड़ तक का मुकदमा दायर करेंगे। दरअसल बीबीसी ने उनके 6 जनवरी 2021 के भाषण को एडिट कर उसे भड़काऊ बनाकर अपनी डॉक्यूमेंट्री में पेश किया था। बीबीसी ने इसके लिए माफी माँगी थी। आलोचनाओं के बीच बीबीसी के आलाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया था।

बीबीसी की माफी को खारिज करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने इसे काफी भ्रामक बताया था। ट्रंप ने कहा कि कानूनी कार्रवाई ‘अगले हफ्ते किसी समय’ शुरू की जाएगी।

राष्ट्रपति ट्रंप ने शनिवार रात (15 नवंबर 2025) को एयर फोर्स वन में संवाददाताओं से पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, “हम उन पर मुकदमा करेंगे। हम उन पर ₹4438.75 करोड़ तक का मुकदमा करेंगे, शायद अगले हफ़्ते किसी समय।” उन्होंने कहा, “हमें यह करना ही होगा, क्योंकि बीबीसी ने माना है कि उन्होंने धोखाधड़ी की है। ऐसा जानबूझकर किया गया। उन्होंने मेरे मुँह से निकले शब्दों को बदल दिया।”

यह विवाद अक्टूबर 2024 में प्रसारित बीबीसी पैनोरमा डॉक्यूमेंट्री के प्रसारण के बाद सामने आया है। डॉक्यूमेंट्री में राष्ट्रपति ट्रंप के 6 जनवरी, 2021 को वाशिंगटन में दिए गए भाषण के अंश दिखाए गए थे। प्रसारणकर्ता ने इस हफ़्ते कहा कि संपादक से अनजाने में यह गलत धारणा बन गई कि राष्ट्रपति ट्रंप ने हिंसक कार्रवाई का सीधा आह्वान किया था। इसने माफी माँगी और कहा कि कार्यक्रम का दोबारा प्रसारण नहीं किया जाएगा, लेकिन किसी तरह के मुआवजे की बात नहीं कही थी।

बीबीसी के अनुसार, ट्रंप के वकीलों ने बीबीसी से 1 अरब डॉलर (करीब ₹8872 करोड़ ) का हर्जाना देने, कार्यक्रम को वापस लेने और सार्वजनिक माफी की माँग की थी। बीबीसी के माफी माँगने के कुछ ही समय बाद यह भी सामने आया कि 2022 में बीबीसी के एक अन्य शो ‘न्यूजनाइट’ में भी ट्रंप के भाषण को इसी तरह एडिट किया गया था।

इस विवाद के चलते बीबीसी के डायरेक्टर जनरल टिम डेवी और हेड ऑफ न्यूज डेबराह टर्नेस ने अपने पद छोड़ दिए थे।