NDA के नेता चुने गए नीतीश कुमार, गाँधी मैदान में 20 नवंबर को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ: PM मोदी समेत कई राज्यों के CM रहेंगे मौजूद

बिहार में NDA की प्रचंड जीत के बाद नीतीश कुमार एक बार फिर मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। बुधवार (19 नवंबर 2025) को NDA विधानमंडल दल की बैठक में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया। सम्राट चौधरी ने प्रस्ताव रखा जिसे सभी ने तालियाँ बजाकर स्वीकार किया।

इसके साथ ही नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा सहित सभी घटक दलों के नेताओं के साथ राजभवन पहुँचकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की और इस्तीफा सौंप दिया। साथ ही नई सरकार बनाने का दावा और समर्थन पत्र भी पेश कर दिया।

राज्यपाल ने दावे को स्वीकार कर लिया है। 20 नवंबर 2025 को पटना के गाँधी मैदान में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें नीतीश कुमार रिकॉर्ड 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बीजेपी-NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, एनडीए का शीर्ष नेतृत्व भी शामिल होगा।

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए ने 202 सीटों पर जोरदार जीत दर्ज की। इस चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और उसे 89 सीटों पर जीत मिली, तो नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) ने 85 सीटें जीती हैं।

चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की। जीतन राम मांझी की हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) को 5 सीट मिले। उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 4 सीटें मिली हैं। वहीं, विपक्षी पार्टियों में आरजेडी को 25, कॉन्ग्रेस को 6, AIMIM को 5, CPI (ML) को 2, IIP, CPI (M) को एक-एक सीट मिली है।