बंगाल में बाबरी बनाने का ऐलान करने वाले TMC विधायक के समर्थन में कॉन्ग्रेस, कहा- यह विवाद की नहीं धार्मिक आजादी की बात है

पश्चिम बंगाल में TMC विधायक हुमायूँ कबीर ने ऐलान किया है कि वह 6 दिसंबर को मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में ‘बाबरी नाम की एक नई मस्जिद’ की नींव रखेंगे। जहाँ एक तरफ बीजेपी का आरोप है कि TMC लगातार मुस्लिम तुष्टिकरण को बढ़ावा दे रही है और आगामी चुनावों में वोट बटोरने के लिए जानबूझकर ऐसे विवाद पैदा कर रही है। वहीं, दूसरी तरफ कॉन्ग्रेस पार्टी के सुरेंद्र राजपूत और उदित राज जैसे नेता इसका खुला समर्थन कर रहे हैं।

मीडिया से बातचीत करते हुए कॉन्ग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि अगर मंदिरों के लिए नींव का पत्थर रखा जा सकता है तो मस्जिदों के लिए ऐसा करने में दिक्कत क्यों है। उन्होंने कहा, “अगर कोई मस्जिद, मंदिर, गुरुद्वारे और चर्च बना रहा है, तो इसमें विवाद की क्या बात है? इसे विवाद का ‘टॉपिक’ क्यों बनाया जा रहा है? हर धर्म को अपनी पूजा की जगह बनाने का हक है।”

कॉन्ग्रेस के एक और नेता उदित राज भी हूमायूँ के पक्ष में बैटिंग करते दिखे। उदित राज ने कहा है, “जब मंदिर की आधारशिला रखी जा सकती है तो मस्जिद की रखने में क्या दिक्कत है? बिना मतलब को विवाद खड़ा कर रहे हैं। ये तो देश में धार्मिक आजादी है।”

गौरतलब है कि TMC विधायक हुमायूँ कबीर ने मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में 6 दिसंबर को ‘बाबरी नाम की मस्जिद’ बनाने का ऐलान किया है। बीजेपी का कहना है कि 6 दिसंबर की तारीख और मस्जिद का नाम ‘बाबरी’ जानबूझकर चुना गया है। यह हिंदुओं की भावनाओं को भड़काने और सांप्रदायिक ध्रुवीकरण करने की TMC की कोशिश है।