बंगाल में लगे ‘बाबरी मस्जिद’ की नींव रखे जाने के पोस्टर, TMC विधायक ने किया निर्माण करवाने का ऐलान: हिंदू महासभा ने ताजमहल के पास खोदी हुमायूँ कबीर की कब्र

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में मंगलवार (25 नवंबर 2025) देर रात बाबरी मस्जिद शिलान्यास के पोस्टर अचानक चर्चा में आ गए। कई इलाकों में लगाए गए इन पोस्टरों में घोषणा की गई है कि 6 दिसंबर को बेलडांगा में बाबरी मस्जिद की नींव रखी जाएगी। पोस्टरों पर इस आयोजन के प्रमुख के रूप में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के विधायक हुमायूँ कबीर का नाम लिखा है।

विधायक हुमायूँ ने इससे पहले ही मस्जिद के निर्माण का ऐलान कर दिया था। हुमायूँ ने कहा था कि 6 दिसंबर को शिलान्यास किया जाएगा और अगले तीन वर्षों के भीतर मस्जिद का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विधायक के मुताबिक, कार्यक्रम में कई मुस्लिम नेता उपस्थित रहेंगे और यह आयोजन बाबरी विध्वंस की 33वीं बरसी के मौके पर किया जाएगा।

वहीं, हुमायूँ के इस ऐलान के बाद देशभर में सियासी हलचल बढ़ गई है। इस टिप्पणी के बाद जहाँ अयोध्या के संत परमहंस आचार्य ने कबीर के खिलाफ एक करोड़ रुपए का इनाम घोषित किया तो अब उत्तर प्रदेश के आगरा में हिंदू महासभा ने भी इस मुद्दे पर कड़ा रुख दिखाया है। संगठन के सदस्यों ने ताजमहल के पीछे यमुना किनारे एक गड्ढा खोदकर उसे प्रतीकात्मक रूप से ‘कब्र’ का रूप दिया और विधायक को धमकी भरा संदेश दिया है।

हिंदू महासभा कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह गड्ढा उस चेतावनी का प्रतीक है कि बाबरी मस्जिद दोबारा बनाने की बात करने वालों का यही अंजाम होगा। जिलाध्यक्ष मीरा राठौर ने संत परमहंस द्वारा घोषित इनाम का समर्थन करते हुए कहा कि जो भी हुमायूं कबीर को जिंदा या मृत आगरा लेकर आएगा, उसे वे सोने के कंगन भेंट करेंगी। राठौर ने दावा किया कि जो लोग ऐसे सपने देख रहे हैं, उनके लिए यही कब्र पर्याप्त उत्तर है।