कॉन्ग्रेस ने उड़ाया PM मोदी का मजाक, रेड कार्पेट पर चाय बेचते हुए AI वीडियो किया शेयर: BJP ने कहा- जनता कभी माफ नहीं करेगी

कॉन्ग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक द्वारा X पर शेयर किए गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के AI वीडियो को लेकर बवाल हो गया है। इस वीडियो में रेड कार्पेट पर चलते पीएम मोदी के वीडियो को AI से एडिट किया गया है। एडिट कर वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी के एक हाथ में चाय की केतली और एक हाथ में गिलास दे दिए गए हैं।

इस वीडियो में पीएम मोदी को उनके जैसी ही आवाज में ‘चाय बोलो, चाहिए’ बोलते दिखा गया है। रागिनी नायक ने अपनी पोस्ट के साथ लिखा, “अब ई कौन किया बे।” यानी, अब यह किसने किया है।

वीडियो सामने आते ही बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कॉन्ग्रेस पर प्रधानमंत्री की पृष्ठभूमि का मजाक उड़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी बार–बार चाय वाला टिप्पणी को राजनीतिक हथियार बनाती रही है। उन्होंने दावा किया कि कॉन्ग्रेस के लिए एक साधारण पृष्ठभूमि से आए प्रधानमंत्री को स्वीकार करना मुश्किल है।

पूनावाला ने X पर लिखा, “रागिनी नायक ने पीएम मोदी की चायवाली पृष्ठभूमि पर हमला बोला और उनका मजाक उड़ाया है। नामदार कॉन्ग्रेस ओबीसी समुदाय से आने वाले एक कामदार प्रधानमंत्री को बर्दाश्त नहीं कर सकती, जो एक गरीब पृष्ठभूमि से आया है। उन्होंने पहले भी उनकी चायवाला पृष्ठभूमि का मजाक उड़ाया था। उन्होंने उन्हें 150 बार गालियाँ दीं। उन्होंने बिहार में उनकी माँ को गालियाँ दीं। जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।”

यह पहला मामला नहीं है जब AI से बने विडिओ और फोटो लेकर कॉन्ग्रेस विवादों में घिरी हो। इससे पहले सितंबर में बिहार कॉन्ग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री की माँ को लेकर एक AI वीडियो साझा किया गया था, जिसे बाद में पटना हाईकोर्ट के आदेश पर हटाया गया।

2014 से ही चायवाला टिप्पणी राजनीतिक विमर्श का हिस्सा रही है। कॉन्ग्रेस नेता मणि शंकर अय्यर की टिप्पणी के बाद यह मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया और बीजेपी ने इसे ‘चाय पे चर्चा’ जैसे अभियानों में बदलकर जनसंपर्क का माध्यम बनाया था।