वेनेजुएला के लोगों की भलाई और सुरक्षा के लिए हमारा समर्थन: अमेरिकी हमलों और मादुरो की गिरफ्तारी के बाद भारत का बयान, मौजूदा स्थिति का बताया ‘चिंता का विषय’

अमेरिका के वेनेजुएला में हवाई हमले कर राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को देर रात बेडरूम में घुसकर पकड़ने जाने के बाद भारत ने गहरी चिंता जताई है। इस मामले को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। इसमें कहा गया है कि भारत सरकार वेनेजुएला की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और वहाँ तेजी से बदलते हालात की बारीकी से निगरानी कर रही है।

विदेश मंत्रालय ने कहा है, “भारत वेनेजुएला के लोगों की भलाई और सुरक्षा के लिए अपने समर्थन की पुष्टि करता है। हम सभी संबंधित पक्षों से अपील करते हैं कि वे बातचीत के जरिए शांतिपूर्ण तरीके से मुद्दों को सुलझाएँ, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनी रहे।”

भारत ने वेनेजुएला के लोगों की सुरक्षा और कल्याण के प्रति अपना समर्थन दोहराते हुए सभी संबंधित पक्षों से अपील की है कि वे आपसी संवाद के जरिए मुद्दों का शांतिपूर्ण समाधान निकालें ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनी रह सके। भारत का मानना है कि किसी भी तरह के तनाव या संकट का समाधान बातचीत और सहमति से ही संभव है।

प्रेस विज्ञप्ति में यह भी बताया गया है कि काराकास स्थित भारतीय दूतावास वहाँ रह रहे भारतीय समुदाय के सदस्यों के संपर्क में है और जरूरत पड़ने पर उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करता रहेगा। भारत सरकार ने भरोसा दिलाया है कि विदेश में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।