फिर से मुकदमेबाजी पर उतरे डोनाल्ड ट्रंप, अब जेपी मोर्गन चेज बैंक को दी धमकी: कहा- कैपिटल हिल्स मामले के बाद मेरी बैंकिंग को किया गया था ब्लॉक

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार (17 जनवरी 2026) को जेपी मॉर्गन चेज़ और उसके सीईओ पर मुकदमा करने की धमकी दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि 6 जनवरी 2021 के कैपिटल हिल दंगे के बाद बड़े बैंकों ने उनके साथ भेदभाव किया और उनको अनुचित तरीके से लेन-देन को रोकी गई। हालाँकि उन्होंने कोई सबूत पेश नहीं किया।D

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में मुकदमे की घोषणा की। ट्रंप ने ट्रूथ पर लिखा, “मैं अगले दो हफ़्तों में जेपी मॉर्गन चेज पर 6 जनवरी के विरोध प्रदर्शन के बाद मुझे गलत और अनुचित तरीके से डीबैंक करने के लिए मुकदमा करूँगा।”

इस धमकी को वॉल स्ट्रीट जर्नल के एक हालिया आर्टिकल से जोड़ा जा रहा है, जिसमें बताया गया था कि राष्ट्रपति ट्रंप ने जेपी मॉर्गन चेज के CEO जेमी डिमन को US फेडरल रिजर्व के चेयरमैन का पद ऑफर किया था। हालाँकि ट्रंप का कहना है कि यह रिपोर्ट गलत है और ऐसा कोई ऑफर कभी नहीं किया गया था।

जेपी मॉर्गन के चेयरमैन जेमी डिमन ने भी इस तरह के ऑफर से इनकार किया और कहा है कि मौजूदा आर्थिक नेतृत्व परिस्थितियों को बेहतर तरीके से संभाल रहा है। हालाँकि डिमोन ने पत्रकारों से कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल पर ट्रम्प के हमले सेंट्रल बैंक की आजादी के लिए खतरनाक हैं। इसकी वजह से ब्याज दरें और महँगाई बढ़ सकती है।

ट्रम्प ने आरोप लगाया है कि जेपी मॉर्गन चेज और बैंक ऑफ अमेरिका सहित कई बैंकों ने 6 जनवरी 2021 की घटनाओं के बाद उनके डिपॉजिट लेने से इनकार कर दिया था। दोनों संस्थानों ने इन आरोपों को खारिज कर दिया।

जेपी मॉर्गन चेज़ की प्रवक्ता ट्रिश वेक्सलर के एक अलग बयान में कहा गया: “80 मिलियन से ज्यादा अमेरिकियों की सेवा करना हमारा सौभाग्य है, और हम सहमत हैं कि किसी का भी अकाउंट राजनीतिक या धार्मिक मान्यताओं के कारण बंद नहीं किया जाना चाहिए। हम इस बात की सराहना करते हैं कि इस प्रशासन ने राजनीतिक डीबैंकिंग के लिए कदम उठाए हैं और हम उन प्रयासों का समर्थन करते हैं।”