‘रिपब्लिक बांग्ला’ का जो पत्रकार ममता सरकार पर उठा रहा था सवाल, उसपर कोलकाता में जानलेवा हमला: किशलय मुखर्जी ने बताया- गुंडों ने चाकू-रॉड से किया वार, दांत भी तोड़ा

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में रिपब्लिक बांग्ला के पत्रकार किशलय मुखर्जी पर कुछ गुंडों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। किशलय मुखर्जी ने रविवार (25 जनवरी 2026) की रात फेसबुक पर एक वीडियो साझा कर बताया कि घर लौटते वक्त उन पर तरह गुंडों ने बेरहमी से हमला किया। ममता बनर्जी सरकार की आलोचना के लिए जाने जाने वाले किशलय मुखर्जी के मुताबिक, यह हमला दक्षिण कोलकाता के टॉलीगंज मेट्रो स्टेशन के पास हुआ।

फेसबुक पर वायरल हो रहे वीडियो में किशलय कहते हैं, “मैं घर जा रहा था। यह दूसरी बार है। जब मैं टॉलीगंज मेट्रो की तरफ जा रहा था, तभी एक कार मेरे सामने आकर रुकी। कार में 2-3 लोग थे। उन्होंने रॉड और चाकू से मुझ पर हमला कर दिया।”

घायल और परेशान नजर आ रहे किशलय मुखर्जी ने आगे कहा, “यह दूसरी बार है जब मुझ पर हमला हुआ है। मुझे लगता है मेरे दाँत टूट गए हैं। उन्होंने चाकू से मारा। पिछले कुछ दिनों से मुझे लगातार धमकियाँ मिल रही थीं।”

उन्होंने कहा कि उन्होंने इस घटना को कोलकाता पुलिस को टैग किया है। उन्होंने बताया, “यहाँ सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस स्टेशन भी पास ही है। तीन लोग रॉड और चाकू लेकर मेरा इंतजार कर रहे थे।”

किशलय ने आगे कहा, “मैं इसी शहर में रहूँगा और वे मुझ पर बार-बार हमला करेंगे। उन्होंने मेरे सिर और चेहरे पर रॉड से मारा। गनीमत रही कि मैंने हेलमेट पहन रखा था। उन्होंने चाकू से मेरे हाथ पर हमला किया।”

यह पहली बार नहीं है जब ममता सरकार वाले राज्य में रिपब्लिक बांग्ला के इस पत्रकार को निशाना बनाया गया हो। पिछले साल जुलाई में भी कोलकाता के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक पार्क सर्कस के पास उन पर हिंसक हमला हुआ था।

उस दौरान उनका वॉलेट छीन लिया गया था और धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। किशलय मुखर्जी अपने रिपब्लिक बांग्ला के कार्यक्रमों में अक्सर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सत्तारूढ़ तृणमूल कॉन्ग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर तीखी आलोचना करते नजर आते हैं।