समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव और उनकी पत्नी अपर्णा यादव के बीच चल रहा विवाद सुलझ गया है। बुधवार (28 जनवरी 2026) दोपहर प्रतीक ने इंस्टाग्राम पर अपर्णा के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए ‘सब अच्छा है’ लिखकर तलाक की अटकलों को खत्म कर दिया।
प्रतीक ने अपनी पोस्ट में लिखा, “वो चैंपियन होते हैं जो अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल समस्याओं को खत्म कर देते हैं, हम चैंपियंस का परिवार हैं।” इससे पहले प्रतीक ने सोशल मीडिया पर अपर्णा से तलाक लेने की घोषणा कर सियासी गलियारों में हलचल मचा दी थी।
उस पोस्ट में प्रतीक ने अपर्णा को ‘स्वार्थी’ बताते हुए गंभीर आरोप लगाए थे और कहा था कि वह सिर्फ मशहूर होना चाहती हैं। प्रतीक के उस कड़े रुख से मुलायम परिवार की फूट खुलकर सामने आ गई थी। हालाँकि, अब इस नई पोस्ट और साथ में खिंचवाई तस्वीर से साफ हो गया है कि दोनों के बीच सुलह हो गई है और पारिवारिक रिश्तों में फिर से मधुरता लौट आई है।

