इमरान-जाहिद-मुकीम ने दर्जनों दोस्तों संग काँवडियों पर फेंके पत्थर, भंडारे पर किया हमला: पुलिसकर्मियों समेत 5 घायल, अमरोहा पुलिस ने 3 को पकड़ा

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में शनिवार (14 फरवरी 2026) रात मुस्लिम समुदाय के कुछ युवकों द्वारा काँवड़ियों के भंडारे पर हमले किए जाने का मामला सामने आया है। पथराव, बर्तनों की तोड़फोड़ और पुलिस पर हमले की इस घटना में एक सिपाही समेत 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह मामला जिला मुख्यालय से करीब दो किलोमीटर दूर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छेबड़ा बाइपास स्थित शिव मंदिर के पास का है।

इसी दौरान घटनास्थल से लगभग 50 मीटर दूर कुछ युवक जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे। आरोप है कि रात करीब 10 बजे पार्टी स्थल से 25 से 30 युवक अचानक भंडारे के पास पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर भगवान शिव के लिए भी अपशब्द कह रहे थे और एक-दूसरे को मुस्लिम नामों से पुकार रहे थे। उनमें से एक युवक खुद को पत्रकार बता रहा था।

विरोध करने पर स्थिति हिंसक हो गई। आरोप है कि युवकों ने बड़े-बड़े पत्थर उठाकर फेंकने शुरू कर दिए और भंडारे में रखे बर्तनों को भी निशाना बनाया। हमले में विद्या देवी नामक महिला का सिर फट गया। उनके अलावा चार अन्य लोग भी घायल हुए। घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई।

बाइक पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुँची लेकिन हमलावरों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। इस दौरान सिपाही शोएब रजा खान के सिर में पत्थर लगने से वे घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख थाना प्रभारी पंकज तोमर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ पहुँचे।

पुलिस ने घायल विद्या देवी के बेटे अभिषेक सैनी की तहरीर पर चार नामजद और 22–25 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में इमरान, मुकीम, दरबारे कला निवासी युनिस अली पुत्र आसिक अली और बसावनगंज निवासी मोहम्मद जाहिद पुत्र मुन्ना शामिल हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

अमरोहा पुलिस ने X पर लिखा, “जाँच में ज्ञात हुआ कि भण्डारे के पास एक आरोपी व्यक्ति जो स्थानीय पत्रकार है उसके द्वारा वीडियो बनाया जा रहा था। जिसको लेकर झगड़ा उत्पन्न हुआ। उक्त प्रकरण में तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया व 3 आरोपियों की हिरासत में लिया गया है।”

सीओ सिटी अभिषेक यादव का कहना है कि 5 नामजद समेत 22-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि कुछ वीडियो फुटेज मिले हैं और उनके आधार पर आरोपितों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। तनाव को देखते हुए मौके पर पर्याप्त फोर्स तैनात कर दी गई है।