गुजरात के सूरत शहर में सेल्समैन एजाज सलीम पटेल ने एक 40 साल की NRI हिंदू महिला को प्रेमजाल में फँसाया और फिर ऑनलाइन निकाह कर इस्लाम में धर्म परिवर्तन करवाया। इतना ही नहीं महिला से ₹1.10 करोड़ की नगदी, जेवरात और संपत्ति भी हड़प ली।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस ने बताया कि मूलरूप से महिला हिम्मतनगर की रहने वाली है, जो फिलहाल अपनी 5 साल की बेटी के साथ अमेरिका में रहती है। महिला का साल 2020 में पति से तलाक हो गया था। वह सूरत के एक शोरूम ऑनलाइन कपड़े खरीदा करती थी।
तभी शोरूम में काम करने वाला सेल्समैन एजाज सलीम पटेल ने कस्टमर फीडबैक के बहाने से महिला का नंबर निकाला। शुरू-शुरू में महिला से कॉल और मैसेज के जरिए बात करता रहा और साथ रहने का भरोसा दिलाता गया। महिला उसके प्रेमजाल में फँस गई, तो उसे भारत बुलाया।
पुलिस के मुताबिक, जनवरी 2024 में महिला हैदराबाद आई थी, जहाँ आरोपित उससे होटल में मिला और उसके पति के नाम पर ₹50 लाख के फ्लैट की चाबी हड़प ली। इसके बाद अप्रैल 2024 में आरोपित ने महिला को सऊदी अरब बुलाया और उसका धर्म परिवर्तन करा दिया। महिला को नया नाम भी दिया गया। फिर मई 2024 में दोनों ने ऑनलाइन निकाह कर लिया।
निकाह के बाद आरोपित ने महिला पर अमेरिका बुलाने का दबाव डाला, लेकिन वीजा संबंधित परेशानी के चलते मुमकिन नहीं हो पाया। तो आरोपित ने महिला से पैसे ऐंठने शुरू कर दिए। पुलिस ने बताया कि आरोपित ने महिला से लगभग ₹60 लाख रुपए ट्रांसफर करवाए। इसके अलावा महिला के भाई से 18 तोला सोना भी लिया।
इसके बावजूद आरोपित महिला को प्रताड़ित करता रहा, जिसके बाद महिला ने ई-मेल के जरिए लालगेट थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित एजाज सलीम पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित का मोबाइल और लैपटॉप भी सीज किया गया है। पुलिस की जाँच में यह भी सामने आया कि आरोपित पहले से शादीशुदा है।

