UP के 2.5 लाख किसानों को ₹460 करोड़ की सौगात, CM योगी ने फसल बीमा और दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थियों को भेजा पैसा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार (21 फरवरी 2026) को राज्य के किसानों बड़ा तोहफा दिया। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से ढाई लाख से अधिक किसानों और उनके परिवारों के खातों में कुल 460 करोड़ रुपए की राशि भेजी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 2.51 लाख किसानों को 285 करोड़ रुपए की क्षतिपूर्ति राशि जारी की। यह राशि प्राकृतिक आपदाओं जैसे बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और सूखे से हुई फसल क्षति की भरपाई के लिए दी गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपदाओं में होने वाले नुकसान की भरपाई पूरी तरह संभव नहीं होती लेकिन सरकार पीड़ित किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत भी 3,500 लाभार्थी परिवारों को 175 करोड़ रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई। इस योजना के अंतर्गत उन परिवारों को आर्थिक मदद दी जाती है, जिन्होंने किसी दुर्घटना में अपने परिवार के मुखिया या किसान सदस्य को खो दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान समाज की रीढ़ हैं और किसी भी अनहोनी की स्थिति में सरकार उनके परिवारों को अकेला नहीं छोड़ेगी। प्रति परिवार औसतन पाँच लाख रुपए की सहायता देकर सरकार उनकी सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है।