मालेगाँव के बिजली दफ्तर में मुस्लिम कर्मचारी बैठकर पढ़ने लगे नमाज, Video वायरल होने पर बवाल: BJP नेता किरीट सोमैया ने की सीएम फडणवीस से FIR की माँग

महाराष्ट्र के मालेगाँव में सरकारी दफ्तर के अंदर नमाज पढ़ने का मामला अब सियासी तूल पकड़ चुका है। बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई की माँग की है।

किरीट सोमैया ने माँग की है कि इसमें शामिल लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की जाए और दोषी कर्मचारियों को तुरंत सस्पेंड किया जाए। दरअसल, बिजली कटौती की समस्या को लेकर मालेगाँव लोकसंघर्ष समिति के लोग म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के बिजली विभाग में धरना देने पहुँचे थे।

प्रदर्शन के दौरान ही नमाज का वक्त होने पर लोगों ने दफ्तर के भीतर ही जमात के साथ नमाज अदा कर ली, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से बिजली की समस्या झेल रहे हैं।

लोकसंघर्ष समिति के अध्यक्ष लुकमान कमाल के मुताबिक, अधिकारियों ने उन्हें दोपहर 3 बजे मीटिंग के लिए बुलाया था। वे घंटों इंतजार करते रहे लेकिन कोई अधिकारी नहीं आया। रमजान का महीना होने के कारण असर की नमाज का वक्त हो गया था।

प्रदर्शनकारियों को डर था कि अगर वे नमाज के लिए बाहर गए, तो अधिकारी ऑफिस बंद कर चले जाएँगे। इसी वजह से उन्होंने दफ्तर के अंदर ही नमाज पढ़ी। दूसरी तरफ, पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों ने इस व्यवहार को अवैध बताया है। इस घटना ने शहर में नई बहस छेड़ दी है।