होर्मुज समुद्री मार्ग में थाई मालवाहक जहाज पर मिसाइल हमला, 20 चालक दल सुरक्षित: 3 अभी भी जहाज पर फंसे, आ रहा था भारत

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच बुधवार (11 मार्च 2026) को होर्मुज समुद्री मार्ग पर एक थाई झंडे वाले मालवाहक जहाज पर मिसाइल हमला हुआ। इस हमले में जहाज में आग लग गई और उसे भारी नुकसान पहुँचा। बताया जा रहा है कि यह जहाज संयुक्त अरब अमीरात के खलीफा पोर्ट से गुजरात के कांडला बंदरगाह की ओर जा रहा था। जहाज पर कुल 23 थाई चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें से 20 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि तीन सदस्यों के अभी भी जहाज पर होने की आशंका है।

ओमान के पास हुआ हमला, जहाज में लगी आग

रिपोर्ट के अनुसार मयूरी नारी नाम का यह मालवाहक जहाज बुधवार सुबह लगभग 11 बजकर 10 मिनट पर होर्मुज समुद्री मार्ग पार करने के कुछ समय बाद निशाने पर आया। समुद्री सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक जहाज पर दो प्रोजेक्टाइल या मिसाइलें लगीं, जो पानी की सतह से ऊपर जहाज के पिछले हिस्से और इंजन रूम के पास टकराईं।

टकराने के बाद जोरदार धमाका हुआ और जहाज में आग लग गई। जहाज ट्रैकिंग डेटा के अनुसार यह हमला ओमान के उत्तरी तट से करीब 11 समुद्री मील दूर हुआ। स्थिति बिगड़ने के बाद जहाज के 20 चालक दल के सदस्य लाइफराफ्ट के जरिए समुद्र में कूद गए, जिन्हें ओमान की नौसेना ने बचाकर खासाब शहर में सुरक्षित पहुँचाया। ओमान की नौसैनिक इकाइयाँ अब भी जहाज पर मौजूद तीन अन्य क्रू मेंबर्स की मदद के लिए अभियान चला रही हैं।

ब्रिटेन की यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) एजेंसी ने भी पुष्टि की है कि एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल के कारण जहाज में आग लगी, जिसके बाद चालक दल को जहाज खाली करना पड़ा।

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच बढ़े हमले

समुद्री सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक इसी क्षेत्र में बुधवार को कुल तीन जहाजों को निशाना बनाया गया, जिनमें थाई जहाज को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। हाल के दिनों में अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान से जुड़े ठिकानों पर हमले के बाद पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव काफी बढ़ गया है।

हालाँकि इस हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी ने नहीं ली है, लेकिन हाल के महीनों में ईरान पर होर्मुज समुद्र-संधि के आसपास कई जहाजों को निशाना बनाने के आरोप लगते रहे हैं। यह समुद्र-संधि दुनिया के लिए बेहद अहम समुद्री रास्ता है, जहाँ से वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति का लगभग पाँचवाँ हिस्सा गुजरता है।

हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने जहाजों को इस इलाके से गुजरते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है। वहीं अमेरिका ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर उसने इस क्षेत्र में समुद्री रास्तों को बाधित करने की कोशिश की तो उसके गंभीर सैन्य परिणाम हो सकते हैं। फिलहाल हमले के कारणों और इसमें इस्तेमाल हथियारों की जाँच जारी है।