भारत और बांग्लादेश के बीच रिश्तों को नई दिशा देने की कोशिशें तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान के बीच नई दिल्ली में अहम बैठक हुई। इस मुलाकात में दोनों देशों ने आपसी संबंधों को मजबूत करने और आगे बढ़ाने पर चर्चा की।
बैठक के बाद जयशंकर ने बताया कि दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय रिश्तों के अलग-अलग पहलुओं पर बात की और क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि दोनों देश आगे भी आपसी संपर्क बनाए रखेंगे। इस दौरान बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूँ कबीर और भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त भी मौजूद रहे।
Pleased to host FM Khalilur Rahman of Bangladesh and his delegation this afternoon.
— Dr. S. Jaishankar (@DrSJaishankar) April 8, 2026
We discussed strengthening our bilateral relationship in its various facets. Also exchanged views on regional and global developments.
Agreed to remain in close touch.@BDMOFA
🇮🇳 🇧🇩 pic.twitter.com/qAf87w2cvr
यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब बांग्लादेश में नई सरकार बनने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में नई शुरुआत की उम्मीद जताई जा रही है। हाल के समय में दोनों देशों के बीच कुछ मुद्दों को लेकर तनाव भी देखने को मिला था, लेकिन अब दोनों पक्ष ‘आपसी सम्मान और सहयोग’ के आधार पर संबंध सुधारने की कोशिश कर रहे हैं।
बांग्लादेश के विदेश मंत्री का यह दौरा ‘गुडविल विजिट’ बताया जा रहा है, जिसमें भारत के साथ व्यापार, ऊर्जा और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हो रही है।

