‘ये ऐसे नाच रही हैं जैसे चुड़ैल’: हिंदू महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी कर फर्जी पुलिसकर्मी बनने वाला हसन खान गिरफ्तार, बरेली का मामला

उत्तर प्रदेश के बरेली में बारात के दौरान हिंदू महिलाओं पर अपमानजनक टिप्पणी करने और खुद को फर्जी पुलिसकर्मी बताने वाले आरोपित हसन खान को इज्जतनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हिंदू महिलाओं से अभद्रता और फर्जी पहचान बनाने की विभिन्न धाराओं (BNS 79 और 250) में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।

यह कार्रवाई हिंदू संगठन की शिकायत और सोशल मीडिया पर वायरल हुए आपत्तिजनक Video के आधार पर की गई है। वायरल Video में आरोपित हसन खान एक कार में बैठकर बारात में डांस कर रही महिलाओं पर बेहद भद्दी टिप्पणी करते हुए कह रहा है, “यह देखो ऐसे नाच रही हैं जैसे चुड़ैल नाचती हों, कमबख्त, जीना हराम कर देती हैं।”

बता दें कि हसन खान पुलिस का लोगो लगी जैकेट पहन कर खुद को पुलिस विभाग से जुड़ा बताकर रौब झाड़ रहा था। Video में वह कथित तौर पर किसी को ‘सर जी’ कहकर संबोधित करते हुए खुद को ड्यूटी पर तैनात सिपाही होने का ढोंग कर रहा था।

मामले की जाँच में इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने स्पष्ट किया कि हसन खान न तो पुलिस विभाग में है और न ही किसी सरकारी सेवा में। वह केवल शांति समिति की बैठकों के बहाने थाने आता-जाता था, जिसका फायदा उठाकर उसने पुलिस का मोनोग्राम लगी जैकेट हासिल की और लोगों को गुमराह किया।