तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर TVK समर्थकों और पार्टी चीफ थलापति विजय के फैंस का उत्साह चरम पर पहुँच गया है। अभिनेता से नेता बने थलापति विजय आज (10 मई 2026) मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं और उससे पहले ही चेन्नई में माहौल पूरी तरह राजनीतिक उत्सव में बदल चुका है।
चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के बाहर सुबह से ही टीवीके (TVK) समर्थकों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई। समर्थक विजय के पोस्टर, पार्टी के झंडे और बैनर लेकर पहुँचे। कई जगहों पर ढोल-नगाड़ों और पटाखों के साथ जश्न जैसा माहौल देखने को मिला। विजय के समर्थक उन्हें ‘जनता का मुख्यमंत्री’ बताते हुए नारेबाजी कर रहे हैं।
#WATCH | Tamil Nadu | Supporters of TVK Chief Vijay gathered outside the Jawaharlal Nehru Stadium in Chennai, where he will take oath as the Chief Minister of Tamil Nadu today. pic.twitter.com/vrgkW0AOYI
— ANI (@ANI) May 10, 2026
थलापति विजय आज सुबह 10 बजे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। पहले उनका शपथ ग्रहण कार्यक्रम दोपहर 3:45 बजे रखा गया था, लेकिन बाद में समय बदलकर सुबह 10 बजे कर दिया गया। बताया जा रहा है कि यह बदलाव ज्योतिषीय सलाह के बाद किया गया।
तमिलनाडु में चुनाव नतीजे आने के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर सस्पेंस बना हुआ था लेकिन अब VCK और IUML के समर्थन के बाद विजय की पार्टी TVK सरकार बनाने जा रही है। विजय ने 9 मई को राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें मुख्यमंत्री नियुक्त करते हुए सरकार बनाने का न्योता दिया। साथ ही 13 मई तक विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने को कहा गया है।
विजय के साथ उनकी पार्टी TVK के 9 विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा 29 वर्षीय विधायक कीर्तना की हो रही है, जो विजय कैबिनेट की सबसे युवा मंत्री बनने जा रही हैं। कीर्तना शिवकाशी सीट से पहली बार विधायक चुनी गई हैं। वहीं, विजय के मुख्यमंत्री बनने पर उनके पिता और फिल्म निर्देशक चंद्रशेखर ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ उनके बेटे की नहीं बल्कि तमिल लोगों की जीत है।

