उत्तर प्रदेश के रामपुर में फर्जी नाम से शादी रचाने वाली एक लुटेरी दुल्हन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बरेली की रहने वाली यासमीन ने खुद को ‘रिया गुप्ता’ बताकर एक हिंदू सब्जी विक्रेता पुनीत कुमार से शादी की थी। शादी कराने के एवज में उसके साथियों ने युवक से एक लाख रुपए भी ऐंठे थे।
पुलिस की जाँच में सामने आया कि महिला पहले से शादीशुदा है और उसके चार बच्चे हैं। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर यासमीन और उसके दो साथियों कल्लू और राम सिंह को दबोच लिया है।
पीड़ित पुनीत के मुताबिक, शादी 11 जून को हुई थी। आरोपित महिला ने फर्जी पहचान पत्र दिखाकर सबको धोखे में रखा। शनिवार को वह घर में रखा कीमती सामान और जेवर समेटकर भागने की फिराक में थी।
जब रिश्तेदारों की वजह से वह भाग नहीं पाई, तो उसने बीमारी का बहाना बनाकर हंगामा शुरू कर दिया। घिरता देख उसने खुद ही पुलिस बुला ली। थाने में जाँच के दौरान महिला के मोबाइल से उसकी असली पहचान सामने आई।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि वह गिरोह के साथ मिलकर लोगों को फँसाने और ठगने का धंधा करती थी। रामपुर पुलिस ने मुख्य आरोपित महिला को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।

