उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने बुलंदशहर के अकबरपुर से दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान मोहम्मद उमर और फैजान के रूप में हुई है।
ATS का दावा है कि दोनों युवक पाकिस्तानी आतंकवादी शहजाद भट्टी और उसके नेटवर्क से जुड़े आबिद जट के संपर्क में थे। खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद ATS काफी समय से दोनों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। तकनीकी निगरानी और पुख्ता जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लिया गया।
जाँच में सामने आया है कि अकबरपुर में रहकर दोनों युवकों पर सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी पोस्ट और तस्वीरें साझा करते थे। साथ ही यह भी आरोप है कि उन्होंने बुलंदशहर में पाकिस्तानी गैंगस्टर आबिद जट के पोस्टर चिपकाए थे, जिसके बदले उन्हें 12 हजार रुपए मिलने थे।
ATS अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों को पाकिस्तान से और क्या निर्देश मिल रहे थे और क्या वे किसी बड़ी साजिश की तैयारी कर रहे थे। वहीं दोनों आरोपितों के परिवारों ने उन्हें पूरी तरह बेगुनाह बताया है। रिपोर्ट के मुताबिक, उमर के अब्बा ने बताया कि उनके 10 बच्चे हैं उमर 9वाँ बच्चा है, जो बेटा खेती-बाड़ी करता था।
इसी तरह फैजान की माँ ने बताया कि उनका बेटा कम पढ़ा-लिखा है और किसी आतंकी गतिविधि से उनका कोई संबंध नहीं है। फिलहाल ATS दोनों से पूछताछ कर रही है और मामले की जाँच जारी है। गाँव के पूर्व प्रधान ने बताया है कि ये दोनों ही उनके ग्राम के नहीं हैं, ये मऊ-खेड़ा से आकर यहाँ रह रहे थे।

