उत्तर प्रदेश के मथुरा में श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान ने हिंदूवादी नेता दिनेश शर्मा उर्फ फलाहारी महाराज के खिलाफ गोविंद नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। संस्थान ने फलाहारी बाबा पर धोखाधड़ी करने, संस्थान को बदनाम करने और ₹20 लाख की रंगदारी माँगने का गंभीर आरोप लगाया है।
यह कदम बाबा द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खून से खत लिखकर जन्मस्थान के चढ़ावे की CBI जाँच की माँग करने के ठीक एक दिन बाद उठाया गया है। संस्थान के उप प्रबंधक अनुराग पाठक ने पुलिस को बताया कि फलाहारी बाबा का आपराधिक इतिहास रहा है।
उन्होंने श्रद्धालुओं को गुमराह करने के लिए असली ट्रस्ट से मिलता-जुलता ‘श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास’ नाम का एक फर्जी ट्रस्ट बनाया है। आरोप है कि इस ट्रस्ट के जरिए वे चंदा वसूल कर खुद के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं।
जब संस्थान ने इसका विरोध किया, तो बाबा के गुर्गों ने संस्थान को बदनाम करने की धमकी दी। उन्होंने मामले को रफा-दफा करने के लिए ₹20 लाख की रंगदारी माँगी। माँग पूरी न होने पर बाबा ने संस्थान पर झूठे आरोप लगाने शुरू कर दिए। पुलिस ने बताया कि मामले की जाँच जारी है और जाँच के बाद FIR दर्ज की जाएगी।

