कॉन्ग्रेस की रैली के कारण जाम में फँसी 3 छात्राएँ, नहीं दे पाई NEET की परीक्षा: परिक्षार्थियों की सहूलियत के लिए 45 मिनट तक दिल्ली एयरपोर्ट पर इंतजार करते रहे PM मोदी

बेंगलुरु में रविवार (21 जून 2026) को कॉन्ग्रेस पार्टी की रैली की वजह से तीन छात्राएँ NEET की परीक्षा देने से वंचित रह गईं। शहर में कॉन्ग्रेस की रैली के कारण भारी यातायात बाधित हुआ, जिसकी वजह से छात्राएँ समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुँच सकीं।

यह घटना बेंगलुरु के आरसी गवर्नमेंट कॉलेज परीक्षा केंद्र की है, जहाँ परीक्षा नियमों के अनुसार दोपहर 1:30 बजे प्रवेश द्वार बंद कर दिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परीक्षा केंद्र पर दोपहर 1:29 बजे पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए अंतिम घोषणा की गई थी, जिसमें अभ्यर्थियों को सूचित किया गया कि मुख्य गेट ठीक 1:30 बजे बंद कर दिया जाएगा।

वहीं तीन छात्राएँ केंद्र पर दोपहर 1:32 बजे पहुँचीं और निर्धारित समय से केवल 2 मिनट देरी होने के कारण उन्हें प्रवेश नहीं मिल सका। परीक्षा में शामिल होने की कोशिश में छात्राओं ने मुख्य गेट की रेलिंग पार कर परीक्षा केंद्र परिसर के अंदर प्रवेश किया, लेकिन तब तक परीक्षा हॉल का प्रवेश नियमों के अनुसार पूरी तरह सील किया जा चुका था।

अभिभावकों का आरोप: कॉन्ग्रेस की रैली के चलते हुई देरी

छात्राओं के अभिभावकों ने दावा किया कि वे समय पर घर से निकले थे, लेकिन शहर में कॉन्ग्रेस की रैली के कारण बने भारी ट्रैफिक जाम की वजह से परीक्षा केंद्र तक पहुँचने में देरी हो गई। इसी तरह बेंगलुरु के मल्लेश्वरम स्थित एमईएस पीयू कॉलेज परीक्षा केंद्र पर भी कई NEET अभ्यर्थी आखिरी समय में पहुँचे।

ट्रैफिक में फँसने के बाद छात्र तेजी से परीक्षा केंद्र की ओर दौड़ते हुए पहुँचे और किसी तरह समय रहते प्रवेश पाने में सफल रहे। इस घटना को लेकर बेंगलुरु दक्षिण से भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कॉन्ग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कॉन्ग्रेस ने रैली के लिए ऐसा दिन चुना, जब हजारों छात्र NEET री-एग्जाम में शामिल हो रहे थे।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि कॉन्ग्रेस किसी और दिन भी रैली कर सकती थी, लेकिन परीक्षा वाले दिन आयोजन कर छात्रों की परेशानी को नजरअंदाज किया गया।उन्होंने कहा कि भारी ट्रैफिक व्यवधान के कारण कई छात्र देरी से पहुँचे और कुछ को परीक्षा केंद्र पर अधिकारियों से अंदर जाने की गुहार लगानी पड़ी।

गौरतलब है कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (21 जून 2026) को छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट पर करीब 45 मिनट तक इंतजार किया, ताकि NEET-UG री-एग्जाम देने जा रहे अभ्यर्थियों को किसी तरह की यातायात संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।