65 साल के सलीम और 59 साल के अख्तर की घिनौनी करतूत, कचरा बीनने वाली 16 साल की लड़की का घर बुलाकर किया रेप: महाराष्ट्र पुलिस ने दोनों को दबोचा

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के कल्याण ईस्ट में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से गैंगरेप के मामले में पुलिस ने 59 वर्षीय अख्तर मनियार और 65 वर्षीय सलीम शेख को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। यह घटना सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता कचरा बीनने का काम करती है। आरोप है कि अख्तर मनियार ने बहाने से नाबालिग को कल्याण ईस्ट स्थित अपने किराए के मकान में बुलाया। लड़की के घर पहुँचने के बाद उसने अपने परिचित सलीम शेख को भी वहाँ बुला लिया, जिसके बाद दोनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

घटना का खुलासा बीते रविवार (21 जून 2026) तड़के उस समय हुआ जब आसपास रहने वाले लोगों ने घर के अंदर से लड़की के रोने और मदद के लिए चीखने की आवाज सुनी। शक होने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत कोलसेवाड़ी पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुँची, घर से नाबालिग को बाहर निकाला और दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

स्थानीय लोगों का दावा है कि अख्तर मनियार किराए के मकान में अकेला रहता था और उसके यहाँ अक्सर महिलाओं का आना-जाना रहता था। घटना के बाद इलाके के लोगों ने उसके पूरे बैकग्राउंड की जाँच कराने की माँग की है और आशंका जताई है कि यह कोई अकेली घटना नहीं हो सकती।