जयपुर की खदीजा ने पाकिस्तानी आतंकी से किया था ऑनलाइन निकाह, भारत में बना रही थी स्लीपर सेल का नेटवर्क: पिता बोले- ऐसी देशद्रोही बेटी को नरक भी ना मिले

राजस्थान की राजधानी जयपुर में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी महिला स्लीपर सेल बबीता धाकड़ उर्फ खदीजा की गिरफ्तारी के मामले ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। खदीजा को 20 जून 2026 को राजस्थान ATS और खुफिया एजेंसियों ने जयपुर से गिरफ्तार किया था। अब उसे लेकर कई अहम जानकारियाँ सामने आई हैं।

शुरुआती जाँच के अनुसार, वह प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी हुई थी और पाकिस्तान में बैठे हैंडलर अबू उबेदाह के संपर्क में थी, जो संगठन प्रमुख मसूद अजहर का करीबी बताया जाता है।

मामले में बताया गया है कि बबीता सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए दो साल से अधिक समय से संपर्क में थी और उसे ऑनलाइन ब्रेनवॉश कर कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ा गया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि उसने धर्म परिवर्तन कर अपना नाम खदीजा रखा और आतंकी उबेदहा से ऑनलाइन निकाह भी किया था।

ATS के अनुसार, उसके मोबाइल से संदिग्ध पाकिस्तानी नंबर, सोशल मीडिया अकाउंट और जैश से जुड़े नेटवर्क के संकेत मिले हैं। जाँच में यह भी पता चला है कि वह भारत में महिला स्लीपर सेल तैयार करने और कुछ युवतियों को जोड़ने की कोशिश कर रही थी।

बबीता के पिता ने कैमरे के सामने कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का भरोसा नहीं था। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति देश के खिलाफ काम करे, उसे नरक में भी जगह नहीं मिलनी चाहिए। फिलहाल आरोपित रिमांड पर है और एजेंसियाँ उसके पूरे नेटवर्क और डिजिटल रिकॉर्ड की जाँच कर रही हैं।