माँ ने 4 साल की मासूम बच्ची को मारी लात, Video Viral होने पर महाराष्ट्र पुलिस ने पकड़ा

नवी मुंबई के पनवेल से एक झकझोर देने वाला Video सामने आया है। इसमें एक महिला ने 4 साल की मासूम बच्ची को इतनी जोर से लात मारी कि वह सीढ़ियों पर जा गिरी। Video Viral होने के बाद पनवेल सिटी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपित माँ को हिरासत में ले लिया है।

गनीमत यह रही कि इस घटना में बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है। शुरुआत में सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि लात मारने वाली महिला आँगनवाड़ी वर्कर है। हालाँकि, पुलिस जाँच और राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे के बयान से साफ हुआ कि वह महिला बच्ची की सगी माँ है।

महिला ने पूछताछ में बताया कि बच्ची आँगनवाड़ी जाने से मना कर रही थी। इसी बात पर उसे गुस्सा आ गया और उसने यह कदम उठा लिया। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल चेकअप कराया है। मामले की पूरी रिपोर्ट बाल कल्याण समिति (CWC) को भेज दी गई है। समिति के निर्देश के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।