राजस्थान के जयपुर में एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार ढह गई। मलबे में दबने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। मौके पर राहत-बचाव कार्य जारी है। वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चंदवाजी थाना क्षेत्र स्थित तालामोड़ में निर्माणाधीन अरावली रिसॉर्ट के बेसमेंट में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम चल रहा था। यहाँ सोमवार (29 जून 2026) को अचानक एक दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे वहाँ काम कर रहे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुँची। मलबे में फँसे मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। जिला कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। उन्होंने बताया कि आशंका है कि कुछ और लोग दबे हो सकते हैं।
प्रशासन हादसे के कारणों की जाँच कर रहा है और यह पता लगाने में जुटा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

