1 नेता को मिल रहे 2-3 पद, मेहनत करने वालों को कुछ नहीं… कॉन्ग्रेस की लिस्ट देख कार्यकर्ता नाराज, विरोध में 300KM पैदल चलकर आए भोपाल: पार्टी ने 2 को किया सस्पेंड

हाल ही में मध्य प्रदेश में कॉन्ग्रेस ने जिला कॉन्ग्रेस कमेटियों की लिस्ट घोषित की। इसके बाद से ही मध्य प्रदेश कॉन्ग्रेस में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। पहले भोपाल जिला कॉन्ग्रेस कमेटी में बवाल हुआ और अब रतलाम कॉन्ग्रेस कमेटी में दो कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई है।

इन दोनों कार्यकर्ताओं संजय रावल और गौरव पोरवाल ने आरोप लगाया कि रतलाम जिला कॉन्ग्रेस कमेटी की लिस्ट में एक व्यक्ति को दो-तीन पद सौंपे गए हैं और जब उन्होंने आवाज उठाई तो संगठन महासचिव ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया। अब दोनों कार्यकर्ता भोपाल कॉन्ग्रेस कार्यालय के सामने धरने पर बैठे हैं।

धरने पर बैठे संजय रावल ने दैनिक भास्कर को बताया कि वे रतलाम से 300 किलोमीटर पैदल चलकर 8 दिन का सफर तय कर भोपाल पहुँचे और यहाँ प्रदेश कॉन्ग्रेस कार्यालय के सामने धरने पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी यहाँ आए लेकिन बिना बातचीत किए ही चले गए।

वहीं दूसरे निष्कासित कार्यकर्ता गौरव पोरवाल ने बताया कि रतलाम की जिला कार्यकारिणी में एक ही व्यक्ति को तीन-चार पद सौंपे गए हैं, इस मुद्दे पर वे 4 जून को जीतू पटवारी से मिले तो रतलाम जिलाध्यक्ष ने उन्हें निष्कासित कर दिया। जिलाध्यक्ष ने उसके कहा था कि कॉन्ग्रेस के पास कार्यकर्ता नहीं है इसीलिए एक व्यक्ति को कई पद दिए गए हैं। इस पर गौरव पोरवाल ने कहा, “कॉन्ग्रेस की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि नए कार्यकर्ता नहीं मिल रहे।”

इन कार्यकर्ताओं की माँग है कि मेहनत करने वालों को पद मिलना चाहिए। इन्होंने चेतावनी दी कि अगर इनकी बात नहीं सुनी गई तो ये दिल्ली पैदल जाएँगे और अपनी बात पार्टी के सीनियर नेताओं को बताएँगे।