थाईलैंड के उत्तर-पूर्वी इलाके में गुरुवार (2 जुलाई 2026) को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 साल के एक बच्चे द्वारा चलाई जा रही पिकअप ट्रक तीर्थ यात्रा पर निकले बौद्ध भिक्षुओं के समूह में जा घुसी।
इस हादसे में 9 भिक्षुओं की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने नाबालिग लड़के को हिरासत में ले लिया है और बाल संरक्षण अधिकारियों की मौजूदगी में उससे पूछताछ की जाएगी। हादसे के कारणों की जाँच जारी है।
जानकारी के मुताबिक, मुकदाहान प्रांत के 35 बौद्ध भिक्षु करीब 260 किलोमीटर लंबी पैदल तीर्थ यात्रा पर निकले थे। यात्रा शुरू होने के लगभग 30 मिनट बाद ही यह हादसा हो गया।
प्रशासन के अनुसार, पाँच भिक्षुओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 13 अन्य घायल भिक्षुओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय बचाव दल द्वारा साझा किए गए CCTV फुटेज में भिक्षु सड़क किनारे एक कतार में चलते दिखाई देते हैं। इसी दौरान पिकअप ट्रक अचानक बेकाबू होकर सड़क से फिसलती हुई उनके बीच जा घुसी। पुलिस का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वाहन पहले से ही लहराते हुए चल रहा था। फिलहाल दुर्घटना की असली वजह का पता लगाने के लिए जाँच जारी है।
thailand 11 year old boy pickup crash kills nine Buddhist monks during pilgrimage walk

