अमेरिका के मिशिगन राज्य में एक बार फिर गोलीबारी की बड़ी घटना सामने आई है। शुक्रवार (3 जुलाई) दोपहर को डियरबॉर्न शहर के फेयरलेन टाउन सेंटर शॉपिंग मॉल में अँधाधुँध फायरिंग हुई। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, यह कोई अचानक हुआ हमला नहीं था। मॉल में 2 युवाओं के गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से गोलियाँ चलने लगीं। फायरिंग की आवाज सुनते ही मॉल में भगदड़ मच गई।
लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। भागने के चक्कर में एक व्यक्ति मॉल के बाहर गाड़ी की चपेट में भी आ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और पूरे मॉल को खाली कराकर लॉकडाउन कर दिया।
मिशिगन स्टेट पुलिस और स्थानीय पुलिस मामले की जाँच कर रही है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, लेकिन मुख्य आरोपित अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।

