राम मंदिर के बाद अब बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की हेराफेरी के आरोप, BKTC ने जाँच के लिए गठित की कमेटी: कहा- कोई दोषी मिला तो सख्त कार्रवाई होगी

अयोध्या के राम मंदिर में चंदा चोरी के आरोपों की जाँच के बीच उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में ऐसा ही मामला सामने आया है। बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे और दान की रकम में गड़बड़ी के आरोप सामने आने के बाद श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने जाँच के आदेश दे दिए हैं। सोशल मीडिया पर दावा किया गया था कि मंदिर में दान की रकम का गलत इस्तेमाल और हेराफेरी की जा रही है। हालाँकि, अभी तक इन आरोपों के समर्थन में कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है।

BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है, इसलिए निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर जाँच कराने के लिए समिति बनाई गई है। उन्होंने साफ कहा कि जाँच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी और अगर कोई कर्मचारी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई होगी। दान की गिनती से जुड़े कर्मचारियों से भी जवाब माँगा गया है।

सोशल मीडिया पर यह भी दावा किया गया था कि अध्यक्ष के निजी सचिव का इस मामले से संबंध है। इस पर हेमंत द्विवेदी ने कहा कि उनका कोई निजी सचिव नहीं है। जिस कर्मचारी का नाम लिया जा रहा है, वह मंदिर समिति का नियमित कर्मचारी है और पहले तीन पूर्व अध्यक्षों के साथ भी काम कर चुका है।

मंदिर समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि दान गिनने वाले कक्ष में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जाँच की गई लेकिन अब तक कोई ठोस गड़बड़ी सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि जाँच में यदि कोई अनियमितता मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।