उत्तर प्रदेश ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बार फिर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देशव्यापी आह्वान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ ने अपने विशाल लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया है। उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व जनभागीदारी और प्रशासनिक मुस्तैदी के चलते सिर्फ एक ही दिन यानी रविवार (12 जुलाई 2026) को ही रिकॉर्ड 35 करोड़ से अधिक पौधे रोपे गए हैं। इस ऐतिहासिक सफलता पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता और सभी सहयोगी संगठनों को बधाई दी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ट्वीट कर इस उपलब्धि को रेखांकित करते हुए लिखा, “माता भूमि: पुत्रोऽहं पृथिव्या:’ का सनातन मंत्र आज उत्तर प्रदेश की जनशक्ति का जीवंत संकल्प बन गया है। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रेरक आह्वान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत ‘नए भारत’ के ‘नए उत्तर प्रदेश’ ने एक ही दिन में 35 करोड़ से अधिक पौधरोपण कर प्रकृति संरक्षण के इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। यह प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, धरती माता के प्रति श्रद्धा और भावी पीढ़ियों के प्रति हमारे उत्तरदायित्व का विराट लोक-यज्ञ है।”
'माता भूमि: पुत्रोऽहं पृथिव्या:' का सनातन मंत्र आज उत्तर प्रदेश की जनशक्ति का जीवंत संकल्प बन गया है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 12, 2026
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के प्रेरक आह्वान 'एक पेड़ माँ के नाम' वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत 'नए भारत' के 'नए उत्तर प्रदेश' ने एक ही दिन में 35 करोड़ से… pic.twitter.com/5KxXpM7q0A
इस महाअभियान के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद गोरखपुर में महायोगी गुरु गोरखनाथ की पावन तपोस्थली पर ‘पवित्र त्रिवेणी’ के पौधों को रोपकर इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में सनातन श्लोक साझा करते हुए लिखा, “दशकूपसमा वापी दशवापीसमो ह्रदः। दशह्रदसमः पुत्रो दशपुत्रसमो द्रुमः॥ आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की प्रेरणा से आज शिवावतारी महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन तपोस्थली गोरखपुर में ‘पवित्र त्रिवेणी’ के पौधों को रोपकर ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ का शुभारंभ किया।”
दशकूपसमा वापी दशवापीसमो ह्रदः।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 12, 2026
दशह्रदसमः पुत्रो दशपुत्रसमो द्रुमः॥
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी की प्रेरणा से आज शिवावतारी महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन तपोस्थली गोरखपुर में 'पवित्र त्रिवेणी' के पौधों को रोपकर 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026' का शुभारंभ किया।
इस… pic.twitter.com/j6C64B8hIV
गोरखपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने विकास वाटिका की स्थापना की और वन विभाग के तत्वावधान में वानिकी पर आधारित विशेष कैलेंडर का विमोचन किया। इसके साथ ही उन्होंने वहाँ ‘मौलश्री’ का पौधा लगाकर ‘हरित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को नई ऊर्जा दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आवास योजना के लाभार्थियों को पौधे वितरित किए और वनाच्छादन अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले महानुभावों को चेक भी सौंपे।
सीएम योगी ने इस मुहिम को जनआंदोलन बनाने के लिए प्रदेश के हर वर्ग का आभार जताते हुए कहा, “वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करने वाले सभी सम्मानित नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, किसानों, मातृशक्ति, युवाओं, सामाजिक एवँ धार्मिक संगठनों तथा यूपी सरकार के समर्पित कार्मिकों का हृदय से अभिनंदन। आइए, अपनी माँ और धरती माँ के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कम से कम ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अवश्य लगाएँ और 35 करोड़ पौधरोपण के इस हरित महायज्ञ को जनभागीदारी से सफल बनाएँ।”
पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा इस अभियान के तहत देशभर में कुल 80 करोड़ पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे समय से पहले ही सफलतापूर्वक हासिल कर लिया गया है। इस राष्ट्रीय मुहिम में उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों ने अग्रणी भूमिका निभाई है। विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नई दिल्ली में पीपल का पौधा लगाकर शुरू की गई इस पहल को देशव्यापी स्तर पर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है।
इससे पहले भी उत्तर प्रदेश में वृक्षारोपण महाअभियान के तहत करीब 26 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए थे, लेकिन अब सिर्फ एक ही दिन में 35 करोड़ से ज्यादा पौधे लगाकर राज्य ने इतिहास रच दिया है। राजस्थान सहित अन्य राज्यों ने भी अपनी तय सीमाओं को पार कर पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया है। इस अभियान के तहत 2024 में ही 80 करोड़ का आँकड़ा पार हो गया था। इस वृक्षारोपण अभियान को इस लिंक के माध्यम से ऑनलाइन ट्रैक भी किया जा सकता है।

