जगन्नाथ रथ यात्रा से पहले धराए जैश-ए-मोहम्मद के 5 आतंकी, 8 पहले से हिरासत में: गुजरात ATS ने सिद्धपुर में की कार्रवाई

गुजरात में आगामी रथ यात्रा 2026 से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकवाद के खिलाफ अभियान और तेज कर दिया है। गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने पाटन जिले के सिद्धपुर में रविवार (12 जुलाई 2026) को कई स्थानों पर छापेमारी कर पाँच संदिग्धों को हिरासत में लिया।

अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े नेटवर्क की जाँच के तहत की गई है। ATS की टीमों ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से सिद्धपुर के झामपलीपोल (जापालीपोल) इलाके सहित कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।

जाँच के दौरान एक कटलरी की दुकान पर भी छापा मारा गया, जहाँ से एक संदिग्ध द्वारा छोटे खिलौनों में इस्तेमाल होने वाली बैटरियाँ खरीदे जाने की सूचना मिली थी। दुकान संचालक से कई घंटे तक पूछताछ की गई और खरीद-बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड की जाँच की गई।

इसी इलाके में स्थित नूरानी टेलर्स से भी एक संदिग्ध को पूछताछ के लिए साथ ले जाया गया। इसके अलावा सिद्धपुर तालुका के छतावड़ा गाँव में आरोपित मोहम्मद अमीन शेरा के घर पहुँचकर ATS ने उसके परिजनों से पूछताछ की और मामले से जुड़े अन्य संभावित संपर्कों की जानकारी जुटाई।

पहले गिरफ्तार हुए थे 8 आरोपित, जैश नेटवर्क फैलाने का आरोप

यह कार्रवाई कुछ दिन पहले गुजरात ATS द्वारा गुजरात और मध्य प्रदेश से आठ आतंकवादियों की गिरफ्तारी के बाद की गई है। जाँच एजेंसी का आरोप है कि ये लोग पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का सक्रिय नेटवर्क गुजरात में खड़ा करने की कोशिश कर रहे थे।

ATS के अनुसार आरोपितों ने ‘दारुल इस्लाम गुजरात जैश-ए-मोहम्मद’ नाम से संगठन बनाया था और उनके संपर्क पाकिस्तान में मौजूद हैंडलर अब्दुल्ला और मोहम्मद उमर से थे। एजेंसी का दावा है कि आरोपित जैश से जुड़ी किताबों का गुजराती में अनुवाद कर संगठन की विचारधारा फैलाने, नए लोगों की भर्ती करने और फंडिंग जुटाने में लगे थे।

तलाशी के दौरान डिजिटल सामग्री, ऑडियो-वीडियो फाइलें, जैश-ए-मोहम्मद का झंडा और संगठन के सरगना मसूद अजहर के नाम उर्दू में लिखे पत्र भी बरामद किए जाने का दावा किया गया है। सभी आरोपितों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियाँ (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।