प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (17 जुलाई 2026) को हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे के दौरान देश को बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महत्वाकांक्षी ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत पंजाब के ऐतिहासिक जालंधर कैंट स्टेशन सहित 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया।
इससे पहले उन्होंने हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन चालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही हरियाणा में 14,700 करोड़ रुपए, चंडीगढ़ में 4700 करोड़ रुपए से ज्यादा और बाद में पंजाब के जालंधर में 5470 करोड़ रुपए से अधिक की रेल एवं सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
PM मोदी ने विश्व के सबसे बड़े स्टेशन पुनर्निर्माण कार्यक्रम में से एक के तहत 20 राज्यों में फैले 75 अमृत स्टेशनों का उद्घाटन किया। करीब 1,570 करोड़ रुपए की लागत से विकसित इन स्टेशनों को आधुनिक और यात्री-अनुकूल सुविधाओं में बदला गया है। जिन राज्यों में ये स्टेशन हैं उनमें मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, पंजाब, गुजरात समेत कई राज्य शामिल हैं
उत्तर प्रदेश के 7 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के 7 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए बड़ी सौगात दी। फतेहपुर रेलवे स्टेशन का 33 करोड़ रुपए, पनकी धाम रेलवे स्टेशन का 25 करोड़ रुपए, विंध्याचल रेलवे स्टेशन का 23 करोड़ रुपए, ऐशबाग जंक्शन रेलवे स्टेशन का 24 करोड़ रुपए, मोदीनगर रेलवे स्टेशन का 26 करोड़ रुपए, शामली रेलवे स्टेशन का 25 करोड़ रुपए और धामपुर रेलवे स्टेशन का 11 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्विकास किया गया है।
इन परियोजनाओं का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराना, स्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाना और क्षेत्र में बेहतर रेल संपर्क सुनिश्चित करना है।
हरियाणा को मिली ₹14700 करोड़ परियोजनाएँ, कुरुक्षेत्र को रेलवे एलिवेटेड ट्रैक और सिख संग्रहालय की सौगात
हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ के बाद प्रधानमंत्री ने हरियाणा में करीब 14700 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और कई परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। इनमें करीब 1200 करोड़ रुपए की लागत वाला अंबाला-काला अंब राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल है, जिससे हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच संपर्क बेहतर होगा।
प्रधानमंत्री ने जींद से ही ऑनलाइन माध्यम से कुरुक्षेत्र में 447 करोड़ रुपए की लागत से बने रेलवे एलिवेटेड ट्रैक का उद्घाटन किया। इस परियोजना से शहर के पाँच प्रमुख रेलवे फाटकों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत मिलेगी।
इसके साथ ही लगभग तीन एकड़ भूमि पर बनने वाले सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखी गई। यह संग्रहालय सिख इतिहास, परंपरा और कुरुक्षेत्र से जुड़े दसों सिख गुरुओं की स्मृतियों को समर्पित होगा।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने इसे ऐतिहासिक दिन बताया, जबकि युवा नेता साहिल सुधा ने कहा कि एलिवेटेड ट्रैक के प्रमुख पुलों को फूलों से सजाया गया है और थानेसर रेलवे स्टेशन को विशेष रोशनी से सजाया गया है।
चंडीगढ़ में ₹4700 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन
हरियाणा के बाद प्रधानमंत्री चंडीगढ़ पहुँचे, जहाँ उन्होंने हेल्थकेयर, शिक्षा और सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े 4700 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में PGI चंडीगढ़ में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार भी शामिल है।
यहाँ एडवांस्ड न्यूरो साइंस सेंटर, एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर और क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक जैसी परियोजनाओं पर काम शुरू किया गया, जिनसे लाखों मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी।
चंडीगढ़ कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री पंजाब के जालंधर पहुँचे, जहाँ उन्होंने 5470 करोड़ रुपए से अधिक की रेल और सड़क बुनियादी ढाँचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य संपर्क व्यवस्था को मजबूत करना, यात्रियों की सुविधाओं में सुधार करना और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति देना है।
शहर पर माँ चंडी का आशीर्वाद: चंडीगढ़ में बोले PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चंडीगढ़ में कहा, “चंडीगढ़ की पहचान है माँ चंडी का आशीर्वाद और इसलिए चंडीगढ़ का विकास हमेशा से NDA सरकार की प्राथमिकता रहा है। भारतीय न्याय संहिता लागू करने की शुरुआत चंडीगढ़ से ही हुई थी। साथ ही बीते वर्षों में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट, स्मार्ट पार्किंग और डिजिटल गवर्नेंस, चंडीगढ़ को हाईटेक बनाने के लिए ऐसे कितने ही प्रोजेक्ट पर काम हुआ। ढाई हजार करोड़ से ज़्यादा रुपए इस मिशन में खर्च हुए। आज भी यहाँ हेल्थ, एजुकेशन और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े विकास के कई काम शुरू हो रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “इससे पहले मैं हरियाणा में था। इसके बाद मुझे पंजाब के विकास कार्यों के लिए जालंधर जाना है। इन दोनों कार्यक्रमों के बीच आज ये चंडीगढ़ का कार्यक्रम हो रहा है। क्योंकि हमारा चंडीगढ़ हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, ये पूरे क्षेत्र को जोड़ता है। चंडीगढ़ के विकास से चंडीगढ़ के लोगों का जीवन तो बदलता ही है, साथ ही हरियाणा, हिमाचल, पंजाब और जम्मू कश्मीर के लोगों को भी इससे बहुत लाभ होता है।”
न्याय व्यवस्था में हुए बदलाव पर प्रधानमंत्री ने कहा, “आपको ध्यान होगा कि डेढ़ साल पहले देश ने न्याय व्यवस्था में बहुत बड़ा सुधार किया है। हम दंड संहिता की जगह भारतीय न्याय संहिता लाए हैं। यानी दंड आधारित कानूनों की जगह न्याय आधारित कानून व्यवस्था और तब भारतीय न्याय संहिता लागू करने की शुरुआत चंडीगढ़ से ही हुई थी।”
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन आधारित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन जींद और सोनीपत के बीच संचालित होगी। इस ट्रेन का किराया 5 रुपए से 26 रुपए तक रखा गया है।
यह ट्रेन हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक से संचालित होगी, जिसमें हाइड्रोजन को बिजली में बदलकर ट्रेन चलाई जाती है। इस प्रक्रिया में कार्बन उत्सर्जन नहीं होता, जिससे यह पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल मानी जा रही है।

