72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार घोषित: ‘आर्टिकल 370’ बेस्ट फिल्म, यामी गौतम बनी सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री; जानें- किस-किस ने जीता कौन सा अवॉर्ड

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने शनिवार (18 जुलाई 2026) को दिल्ली में 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का ऐलान कर दिया। इन पुरस्कारों में ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया जबकि राजकुमार राव अभिनीत ‘श्रीकांत’ ने सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का पुरस्कार अपने नाम किया।

वहीं, यामी गौतम को फिल्म आर्टिकल 370 के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री, कार्तिक आर्यन को ‘चंदू चैंपियन’ और ममूटी को ‘ब्रमायुगम’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया गया।

इसके अलावा धनुष की ‘रायान’ सर्वश्रेष्ठ तमिल फिल्म बनी, ‘कैप्टन मिलर’ को राष्ट्रीय, सामाजिक और पर्यावरणीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ फिल्म का सम्मान मिला और ‘कल्कि 2898 AD’ को सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार दिया गया। 11 सदस्यीय जूरी की अध्यक्षता फिल्मकार जयराज ने की थीं।

फीचर फिल्मों में इन फिल्मों का रहा दबदबा

फीचर फिल्म श्रेणी में आर्टिकल 370 को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला। श्रीकांत को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म, रायान को सर्वश्रेष्ठ तमिल फिल्म, कमेटी कुर्रोल्लू को सर्वश्रेष्ठ तेलुगु फिल्म, फेमिनिची फातिमा को सर्वश्रेष्ठ मलयालम फिल्म, मुक्काम पोस्ट बॉम्बिलवाड़ी को सर्वश्रेष्ठ मराठी फिल्म, लहरी को सर्वश्रेष्ठ ओड़िया फिल्म, मिथ्या को सर्वश्रेष्ठ कन्नड़ फिल्म, चलचित्र एखोन को सर्वश्रेष्ठ बंगाली फिल्म, जुईफूल को सर्वश्रेष्ठ असमिया फिल्म, सुनीता को सर्वश्रेष्ठ मणिपुरी फिल्म, मोग असुम को सर्वश्रेष्ठ कोंकणी फिल्म, ढोली को सर्वश्रेष्ठ गढ़वाली फिल्म और इम्बू को सर्वश्रेष्ठ तुलु फिल्म का पुरस्कार मिला।

अभिनय से लेकर तकनीकी श्रेणियों तक कई बड़े नाम सम्मानित

अभिनय श्रेणी में यामी गौतम को आर्टिकल 370, कार्तिक आर्यन को चंदू चैंपियन और ममूटी को ब्रमायुगम के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता/अभिनेत्री का सम्मान मिला। सहायक भूमिका में संजय मिश्रा (बक्शक), सचाना नमीदास (महाराजा) और रोपाश्री वरकड़ी (मिथ्या) को सम्मानित किया गया। बाल कलाकार श्रेणी में रिद्धिमान बनर्जी, टोपोमोय देब, गीताश्री चक्रवर्ती, अरुंदेव पोथुला और अतिश एस शेट्टी को पुरस्कार मिला।

तकनीकी श्रेणियों में राजकुमार पेरियासामी को अमरन के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, अनी अरसु को महाराजा के लिए सर्वश्रेष्ठ एक्शन निर्देशन, विजय गांगुली को स्त्री 2 के लिए सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी, मनोज मुंतशिर को मैदान के गीत जाने दो के लिए सर्वश्रेष्ठ गीतकार, जीवी प्रकाश कुमार (अमरन) और शाश्वत सचदेव (आर्टिकल 370) को सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन।

वही आर कलैवन्नन (अमरन) को सर्वश्रेष्ठ संपादन, मानस चौधरी (भूल भुलैया 3) को सर्वश्रेष्ठ साउंड डिजाइन, शहनाद जलाल (ब्रमायुगम) को सर्वश्रेष्ठ सिनेमैटोग्राफी तथा नितिन जिहान चौधरी (कल्कि 2898 AD) को सर्वश्रेष्ठ प्रोडक्शन डिजाइन का पुरस्कार मिला।

नॉन-फीचर फिल्मों में भी शानदार प्रदर्शन

नॉन-फीचर फिल्म श्रेणी में मराठी और अंग्रेजी भाषा की फिल्म ‘भंगार’ को सर्वश्रेष्ठ नॉन-फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला। मराठी फिल्म हमसफर को बेस्ट शॉर्ट फिल्म चुना गया, जबकि जोशी बेनेडिक्ट की साइलेंट फिल्म ‘Touched as Water’ ने सर्वश्रेष्ठ एनीमेशन फिल्म का पुरस्कार अपने नाम किया।

निर्देशक आनंद एल राय की हिंदी फिल्म ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी: एकता का प्रतीक’ को सर्वश्रेष्ठ निर्देशन का पुरस्कार मिला।

तकनीकी श्रेणियों में इन कलाकारों को मिला सम्मान

तकनीकी श्रेणियों में लाइफ इन लूम के लिए एडमंड रैनसन को सर्वश्रेष्ठ सिनेमैटोग्राफी का पुरस्कार दिया गया। तमिल फिल्म ब्लू के लिए टीएस हरि हरा सुधन को सर्वश्रेष्ठ साउंड डिजाइन, हिंदी फिल्म NDA के लिए मनवीर जसरोटिया को सर्वश्रेष्ठ संपादन और मराठी फिल्म परत 41°च्या मगवार (On the Trail of 41°) के लिए शिवपाल सिंह कांग को सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन का पुरस्कार मिला।

वहीं अंग्रेजी फिल्म लिटिल प्लैनेट: मेंढकों की एक कहानी के लिए सौंदर्या जयचंद्रन को सर्वश्रेष्ठ नैरेटर का सम्मान दिया गया।

सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों पर बनी फिल्मों को भी मिला सम्मान

सामाजिक और पर्यावरणीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ नॉन-फीचर फिल्म का पुरस्कार सूरज कुमार की ‘पिपलांत्री: ए टेल ऑफ इको फेमिनिज्म’ को मिला। वहीं अतुल पांडे की हिंदी फिल्म मैं निदा को सर्वश्रेष्ठ कला एवं संस्कृति फिल्म का सम्मान दिया गया।

कमलेश के मिश्रा की काकोरी को सर्वश्रेष्ठ जीवनी/ऐतिहासिक पुनर्निर्माण/संकलन फिल्म का पुरस्कार मिला, जबकि रवि राज मुर्मू को सर्वश्रेष्ठ डेब्यू निर्देशक का सम्मान प्रदान किया गया।