विदेश का खाकर भारत की पुलिस पर लाठी चला रहे तिलचट्टे? बांग्लादेश-कतर से जंतर-मंतर पर हो रही फूड डिलीवरी: नेपाल से भी युवाओं को भड़काने की साजिश

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में गड़बड़ियों को लेकर चल रहे प्रदर्शनों में अब विदेशी कनेक्शन सामने आया है। सरकार के खिलाफ चल रहे इस प्रदर्शन में बांग्लादेश, कतर, नेपाल जैसे देशों की सद्भावना जाग उठी है। वीडियोज सामने आ रहे हैं कि इन देशों से अनजान व्यक्ति जंतर-मंतर पर बैठे प्रदर्शनकारियों के लिए फूड डिलीवरी ऐप से महँगा खाना भेज रहे हैं।वहीं नेपाल के युवा लगातार वीडियो बनाकर भारत के युवाओं को ‘नेपाल जैसा कारनामा’ करने के लिए भड़का रहे हैं।

IANS के एक वीडियो में डिलीवरी पार्टनर बता रहा है कि कतर से खाना ऑर्डर किया गया है। उन्होंने कहा, “कतर से किसी ने बोला है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों को लेकर जाकर खाना दे दो। उन्होंने फोन भी किया था।” डिलीवरी पार्टनर ने बताया कि दिनभर में ऐसे कई ऑर्डर आते हैं।

ऐसे ही एक और वीडियो भी सामने आया है, जिसमें रिपोर्टर बता रहा है कि रात के 11 बजे जंतर-मंतर पर बांग्लादेश से खाना भेजा गया है। उसने यह भी बताया कि यह खाना स्विगी और जोमौटो जैसे फूड डिलीवरी ऐप से प्रदर्शनकारियों के लिए भेजा गया है।

इसके अलावा भी ऐसे कई वीडियो सामने आए हैं, जिसमें स्विगी और जोमैटी के डिलीवरी पार्टनर जंतर-मंतर पर खाना डिलीवर करते नजर आ रहे हैं। इन डिलीवरी एजेंटों ने बताया कि खाना भेजने वाले ने अपनी जानकारी नहीं बताई है, लेकिन यह खाना प्रदर्शनकारियों के लिए ही भेजा गया और इसका पेमेंट भी पहले से हो चुका है। कुछ वीडियो में जंतर-मंतर पर बैठे छात्र खुद वीडियो बनाकर बता रहे हैं कि उनके लिए अनजान व्यक्तियों द्वारा बड़े-बड़े फूड ब्रांड से खाना भिजवाया जा रहा है।

वहीं ऐसे भी वीडियो सामने आ रहे हैं, जिनमें नेपाल के युवा जंतर-मंतर पर बैठे छात्रों को भड़का रहे हैं। एक वीडियो में कुछ युवा कहते हैं, “हमें जंतर-मंतर पर प्रदर्शन देखकर खून खौल रहा है, हम पूरा सपोर्ट कर रहे हैं। भारत में भी नेपाल जैसे सरकार बदलनी चाहिए। हम भी जरूर जंतर-मंतर आएँगे।”

ऐसे वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रदर्शन को लेकर विदेशी फंडिंग के सवाल उठ रहे हैं। लोग दावा कर रहे हैं कि जरूर इस प्रदर्शन को विदेश से बैठे लोग सपोर्ट और फंड कर रहे हैं। कई लोगों ने दिल्ली पुलिस और गृह मंत्रालय से प्रदर्शन के विदेशी कनेक्शन की जाँच की माँग की है।