कोलकाता में CJP प्रदर्शन के दौरान पत्रकार से बदसलूकी और मारपीट, इंस्टाग्राम कंटेंट क्रिएटर लरैब शेख निकला हमलावर: खुद ही वायरल किया था वीडियो

कोलकाता के सीजेपी (CJP) प्रदर्शन से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी तेज़ी से वायरल (Viral) हो रहा है, जिसमें एक प्रदर्शनकारी ऑन-ड्यूटी रिपोर्टर के पीछे भागता हुआ, उसे गालियाँ देता हुआ और मारपीट करता हुआ नज़र आ रहा है। इस घटना ने एक बार फिर से विरोध-प्रदर्शनों की रिपोर्टिंग (Reporting) कर रहे पत्रकारों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि यह शख्स हाथ में कैमरा या फोन लिए पत्रकार के पीछे दौड़ता है। वह रिपोर्टर को अपशब्द कहते हुए ‘गोदी मीडिया पकड़ा गया’ के नारे लगाता है और फिर उस पर हमला कर देता है। इंटरनेट पर वायरल हो रहे दावों के मुताबिक, वीडियो में दिख रहे इस शख्स की पहचान सोशल मीडिया यूजर्स ने इंस्टाग्राम कंटेंट क्रिएटर (Content Creator) लरैब शेख के रूप में की है।

लरैब शेख ‘mr_laraib.04’ नाम से एक इंस्टाग्राम अकाउंट चलाता है, जिस पर उसके करीब 10,000 फॉलोअर्स (Followers) हैं। बताया जा रहा है कि उसने खुद शुक्रवार (24 जुलाई 2026) को यह वीडियो अपने अकाउंट पर शेयर (Share) किया था। वीडियो के इंटरनेट पर आते ही यह तेजी से फैल गया और लोगों का गुस्सा भड़क उठा।

बता दें कि बीते दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में सीजेपी प्रदर्शनों के दौरान मीडियाकर्मियों के साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की की कई घटनाएँ सामने आई हैं।

कई पत्रकारों ने शिकायत की है कि रिपोर्टिंग के दौरान उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है और काम करने से रोका जा रहा है।

सोशल मीडिया पर लोग इस तरह के व्यवहार की कड़ी निंदा कर रहे हैं। यूज़र्स का कहना है कि विचार चाहे जो भी हों, किसी पत्रकार पर हमला करना बिल्कुल गलत है।

दिल्ली में CJP की माँगे केंद्र सरकार ने मानी, प्रदर्शन खत्म करने का ऐलान

इस बीच, दिल्ली में शनिवार (25 जुलाई 2026) को CJP के प्रतिनिधियों और केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों के बीच तीसरे दौर की वार्ता हुई। इस वार्ता से पहले ही शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया था। सीजेपी के प्रतिनिधियों के साथ हुई बातचीत में केंद्र सरकार ने उनकी 2 प्रमुख माँगों को मान लिया और सीजेपी ने वहीं प्रेस कॉन्फ्रेस से ही प्रदर्शन के खत्म होने की घोषणा कर दी।