बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर रविवार (2 अगस्त 2026) की शाम दिल्ली स्थित उनके आवास पर उस समय हमला हो गया, जब वह मीडिया से बातचीत कर रहे थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक व्यक्ति ने उनकी ओर चप्पल फेंक दी, जिसके बाद मौके पर मौजूद समर्थकों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।
बाद में पुलिस आरोपित को हिरासत में लेकर थाने ले गई। घटना के बाद पप्पू यादव ने दावा किया कि आरोपित चाकू लेकर आया था और उनकी हत्या की कोशिश की गई।
#WATCH | The moment the clash erupted while Independent MP from Purnea, Pappu Yadav, was holding a press conference at his residence in Delhi. Further details awaited. pic.twitter.com/NzYEGww5of
— ANI (@ANI) August 2, 2026
धमकियों के बीच हुआ हमला, संसद में प्रदर्शन के बाद बढ़ा था विवाद
पप्पू यादव ने कहा कि हाल के दिनों में उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियाँ मिल रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग खुलेआम उन्हें मारने और जलाने जैसी बातें कर रहे हैं और उनके सिर पर इनाम तक घोषित किया गया है। सांसद ने बताया कि आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है और उसके खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है।
यह विवाद हाल ही में संसद में पप्पू यादव द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद और बढ़ गया था। मानसून सत्र के दौरान उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे के मुद्दे को उठाने के लिए साधु का वेश धारण किया था। भगवा वस्त्र पहनकर संसद पहुँचे पप्पू यादव अपने साथ एक दानपेटी भी लेकर आए थे और संसद परिसर में प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया।
इस दौरान उन्होंने एक नाटक के जरिए चढ़ावे में कथित हेराफेरी का मुद्दा उठाया। प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी ने भी प्रतीकात्मक रूप से दान दिया जबकि पप्पू यादव ने नाटक के हिस्से के रूप में उस राशि को दानपेटी में डालने के बजाय अपने पास रख लिया। इस दौरान वह अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद के पैर छूते भी नजर आए।
प्रदर्शन पर FIR, 51 लाख के इनाम वाले बयान का भी किया जिक्र
संसद परिसर में हुए इस प्रदर्शन के बाद वाराणसी के कोतवाली थाने में पप्पू यादव, कॉन्ग्रेस सांसद राहुल गाँधी और समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई। यह शिकायत पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु बालक दास की ओर से दर्ज कराई गई, जिसमें धार्मिक भावनाएँ आहत होने का आरोप लगाया गया।
इसी घटनाक्रम के बाद लखनऊ में सनातन रक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुरोध राय ने पप्पू यादव के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा था कि यदि पप्पू यादव माफी नहीं माँगते हैं तो उनके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। साथ ही पप्पू यादव का सिर लाने वाले को 51 लाख रुपये का इनाम देने का भी ऐलान किया था।
पप्पू यादव ने इसी बयान का जिक्र करते हुए कहा कि लगातार मिल रही धमकियों के बीच अब उनके ऊपर हमला भी हुआ है, जिसकी निष्पक्ष जाँच होनी चाहिए।

