अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले की शुरुआत का आज पाँचवा दिन है। इस बीच पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव छिड़ गया है। खासकर लेबनान में आतंकी संगठन हिजबुल्लाह पर इजरायल ताबड़तोड़ हमले कर रहा है। हिजबुल्लाह ने ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की हत्या के बाद पहले हमले की शुरुआत की थी।
हिजबुल्लाह के हमले के जवाब में ही इजरायल ने लेबनान में हमले करने शुरू किए थे। इजरायल के हमलों से लेबनान में अब तक 50 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, इसमें हिजबुल्लाह का पॉलिटिकल कमांडर मोहम्मद राद भी मारा जा चुका है। जबकि 335 लोग घायल हुए हैं। इसी बीच इजरायली सेना (IDF) ने लेबनान के 16 गाँवों और कस्बों को खाली करने का आदेश दिया है।
बुधवार (4 मार्च 2026) को ही इजरायल ने माउंट लेबनान की इमारत पर हमला किया, जिसमें 6 लोगों की मौत और 8 से ज्यादा घायल हैं। उधर हिजबुल्लाह ने दावा किया है कि उसने उत्तरी इजरायल के मेतुला शहर में इजरायली सैनिकों पर रॉकेट दागे। इससे पहले उसने हाइफा के नौसैनिक अड्डे पर मिसाइल हमला करने की भी बात कही थी।

