नेपाल में Gen Z प्रदर्शन के बाद अब भारत की जाँच एजेंसियाँ भी अलर्ट हैं। दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस ब्रांच, ऑपरेशन यूनिट और दिल्ली सुरक्षा बल समेत तीन यूनिट को एक्शन प्लान बनाने के आदेश दिए गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने इस संबंध में हाल ही में बैठक की है। बैठक में गोलछा ने दो विशेष पुलिस आयुक्तों से एक समिति गठित करने को कहा है, जो उनके गैर-घातक हथियारों की सूची का ऑडिट करेगी और सुझाव देगी कि क्या और अधिक ऐसे हथियारों या प्रौद्योगिकी की आवश्यकता है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि यह कदम इसलिए उठाया गया है क्योंकि उन्हें लगता है कि नेपाल में बड़े पैमाने पर युवाओं के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन भारत में भी फैल सकते हैं, जिसका मुख्य केंद्र दिल्ली भी हो सकता है।
Indian Express को एक वरिष्ठ दिल्ली पुलिस अधिकारी ने बताया, “हम नेपाल के प्रदर्शनों के पैटर्न का गहन अध्ययन कर रहे हैं, जहाँ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने मोबिलाइजेशन में अहम भूमिका निभाई। पुलिस कमिश्नर ने एक विस्तार आपातकालीन योजना बनाने को कहा है, जिसमें पूर्वानुमानित खुफिया जानकारी इकट्ठा करने, भीड़ प्रबंधन रणनीतियों और ऑनलाइन गलत सूचनाओं का मुकाबला करने के तरीकों पर जोर दिया गया है।”

