दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल के ‘शीशमहल’ को मौजूदा रेखा गुप्ता सरकार अत्याधुनिक कल्चरल सेंटर में बदलने जा रही है। यहाँ देश विदेश से आए वीवीआईपी मेहमान ठहराए जाएँगे।
बता दें कि केजरीवाल के दिल्ली के मुख्यमंत्री रहते सरकारी आवास को बीजेपी ‘शीशमहल‘ कहती है क्योंकि केजरीवाल ने इस पर ₹45 करोड़ खर्च कर आलीशान सुविधाएँ बनवाई थीं।
अब इस आवास को सरकारी मेहमानों को ठहराने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। देश-विदेश से आने वाले सरकारी प्रतिनिधिमंडल, विशिष्ट अतिथि और उच्चस्तरीय अधिकारियों को इसमें ठहराया जाएगा। सरकार इस आलीशान आवास को आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाने जा रही है।
सिर्फ गेस्ट हाउस की तरह ही नहीं, बल्कि इसे कला और संस्कृति के एक बड़े केंद्र के रूप में भी बदला जाएगा। इसमें बड़ा सभागार और आधुनिक कॉन्फ्रेंस सुविधाएँ भी विकसित की जाएँगी। यह सारे काम इस शीशमहल की मूल संरचना से छेड़छाड़ किए बिना होंगे।
लेकिन एक उच्च स्तरीय गेस्ट हाउस होने के चलते इसमें आम जनता का आना-जाना प्रतिबंध रहेगा। हालाँकि, जिस हिस्से को सांस्कृतिक गतिविधियों और मल्टी परपज ऑडिटोरियम के रूप में विकसित किया जा रहा है, वहाँ होने वाली कला प्रदर्शनियों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान आम जनता को भी भीतर जाने की अनुमति होगी।

